राजस्थान के बूंदी में लाखेरी के गुहाटा में ERCP प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य के दौरान सोमवार को अचानक हुए हादसे ने मौके पर अफरा-तफरी मचा दी. चंबल नदी किनारे चल रहे निर्माण कार्य के दौरान भारी मिक्सर के गिर जाने से तीन मजदूर उसकी चपेट में आ गए. हादसे में एक मजदूर की जान चली गई, जबकि दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों घायलों को उपचार के लिए कोटा भेजा गया है. हादसा दोपहर बाद उस समय हुआ, जब परियोजना स्थल पर मजदूर निर्माण कार्य में जुटे हुए थे. अचानक भारी मिक्सर के गिरने से वहां काम कर रहे मजदूरों में हड़कंप मच गया. कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. मिक्सर के नीचे मजदूरों के फंसे होने की जानकारी सामने आने के बाद साथी श्रमिकों ने उन्हें बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी.
हादसे में एक मजदूर की मौत
पुलिस के अनुसार, हादसे में सांवरिया गुर्जर और राममुकेश नागर गंभीर रूप से घायल हुए थे. दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद कोटा रेफर किया गया. उपचार के दौरान सांवरिया गुर्जर की मौत हो गई. वहीं दूसरे घायल का कोटा में उपचार जारी है.
पुलिस और प्रशासन की जांच के बाद ही यह सामने आएगा कि हादसे के पीछे जमीन की स्थिति, मशीन की स्थापना या सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही थी या नहीं. ERCP परियोजना के इसी प्लांट में करीब तीन महीने पहले आग लगने की घटना भी सामने आई थी. उस समय आग से कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी, लेकिन कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई थी.

अब दोबारा हुए हादसे में एक मजदूर की मौत के बाद निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था चर्चा में आ गई है. ERCP राजस्थान की बड़ी जल परियोजनाओं में शामिल है. इसके जरिए प्रदेश के कई जिलों तक पानी पहुंचाने की योजना है. ऐसे में परियोजना के निर्माण कार्य के दौरान मजदूर की मौत ने सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी.
यह भी पढे़ं-
सावधान! राजस्थान में इन ब्रांड के घी, मसाले अनसेफ, 18 खाने-पीने के उत्पाद पर लगा बैन
प्रिंसिपल की स्कूल में घिनौनी हरकत, छात्राओं ने मुंह पर पोती कालिख; गुस्साए लोगों का हंगामा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं