- बूंदी के पुराने बाईपास क्षेत्र में 25 से अधिक अवैध निर्माणों को बुलडोजर से गिराया गया
- इस क्षेत्र को ‘फूलों की घाटी’ के रूप में विकसित करने और पर्यटन के लिए आकर्षक बनाने की योजना है
- पहाड़ी इलाके से बूंदी का प्राकृतिक और ऐतिहासिक दृश्य अवैध निर्माणों के कारण नजर नहीं आता था
बूंदी शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है. पुराने बाईपास क्षेत्र में नगर परिषद और प्रशासन की टीम ने 25 से अधिक चिह्नित मकानों और निर्माणों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई शुरू की. एक दिन पहले ही प्रशासन की ओर से संबंधित निर्माणों पर लाल निशान लगाए गए थे और लोगों को अतिक्रमण स्वयं हटाने की चेतावनी दी गई थी. बुधवार, 19 अगस्त को प्रशासनिक अमला भारी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचा और जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी.
आधा दर्जन बुलडोजर चले
कार्रवाई के दौरान नगर परिषद आयुक्त ब्रजेश राय, पुलिस उपाधीक्षक अनिल जोशी सहित पुलिस और प्रशासन का जाप्ता मौके पर मौजूद रहा. करीब आधा दर्जन जेसीबी और बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माणों को हटाया गया. कार्रवाई की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग भी जमा हो गए. किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पुलिस का अतिरिक्त जाप्ता तैनात किया गया.

बुलडोजर कार्रवाई से पहले नोटिस दिया गया था
Photo Credit: NDTV
गढ़ पैलेस और पुरानी बूंदी जाने वाला प्रमुख मार्ग
पुराना बाईपास क्षेत्र बूंदी के ऐतिहासिक गढ़ पैलेस और पुरानी बूंदी की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों में शामिल है. क्षेत्र में लगातार वाहनों और ऑटो का दबाव बना रहता है. बूंदी नगर परिषद के आयुक्त ब्रजेश राय ने कहा कि सड़क किनारे अतिक्रमण और अनियोजित निर्माण के चलते यहां यातायात व्यवस्था के साथ-साथ क्षेत्र की सुंदरता भी प्रभावित हो रही थी. प्रशासन का कहना है कि इस क्षेत्र को व्यवस्थित करने के लिए व्यापक स्तर पर योजना तैयार की जा रही है. अधिकारियों के अनुसार यह पहली बार है जब इतनी बड़ी संख्या में अतिक्रमणों के खिलाफ एक साथ कार्रवाई की जा रही है.

कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी
Photo Credit: NDTV
‘फूलों की घाटी' के रूप में होगा विकसित
प्रशासन की योजना इस क्षेत्र को भविष्य में ‘फूलों की घाटी' के रूप में विकसित करने की है. बूंदी के एसडीएम लक्ष्मीकांत मीणा ने बताया कि बूंदी के ऐतिहासिक महत्व और पर्यटन संभावनाओं को देखते हुए क्षेत्र को आकर्षक स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है. उन्होंने बताया कि सड़क किनारे अतिक्रमण और अनियोजित निर्माण हटने के बाद यहां बेहतर सौंदर्यीकरण और विकास कार्य करवाए जा सकेंगे. योजना के तहत क्षेत्र को व्यवस्थित करने, हरियाली बढ़ाने और पर्यटन की दृष्टि से आकर्षक बनाने पर जोर दिया जा रहा है. प्रशासन का उद्देश्य सड़क और आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा एवं अतिक्रमण मुक्त बनाकर बूंदी की खूबसूरती को और निखारना है.

अवैध निर्माण की वजह से इलाके की खूबसूरती छिप गई थी
Photo Credit: NDTV
पहाड़ी से दिखता है खूबसूरत नजारा
गोठड़ा क्षेत्र के आसपास पहाड़ी इलाके से बूंदी शहर का बेहद खूबसूरत नजारा दिखाई देता है. यहां से ऐतिहासिक बूंदी, गढ़ क्षेत्र और आसपास का प्राकृतिक दृश्य साफ नजर आता है. प्रशासन के अनुसार सड़क किनारे नियमों के विपरीत किए गए बड़े निर्माणों के कारण इस प्राकृतिक और ऐतिहासिक व्यू पर भी असर पड़ रहा था. इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने चिन्हित निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है. अधिकारियों के अनुसार आगे भी नियमों के विपरीत पाए जाने वाले निर्माणों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें-: गंगानगरी किन्नू को विदेशों में एक्सपोर्ट करने की तैयारी, बनेगा देश का पहला 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं