- पंजाब के मोगा जिले के गांव पत्तो हीरा सिंह में सरपंच और जिम संचालक हरपिंदर सिंह की गोली मारकर हत्या की गई है
- हरपिंदर सिंह को सुबह करीब दस बजे उनकी थार गाड़ी से उतरते समय चार से पांच हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोली मारी थी
- हैप्पी को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, उन्हें छह से सात गोलियां लगी थीं
पंजाब के मोगा जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है. शुक्रवार सुबह गांव पत्तो हीरा सिंह के मौजूदा सरपंच और जिम संचालक हरपिंदर सिंह (हैप्पी) की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी. हमलावरों ने इस वारदात को उस वक्त अंजाम दिया, जब हैप्पी अपनी थार गाड़ी से उतर रहे थे. जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 10:30 से 11 बजे के बीच की है. हरपिंदर सिंह हैप्पी बाघापुराना-कोटकपूरा रोड पर स्थित अपनी 'सूजन जिम' पहुंचे थे. जैसे ही उन्होंने अपनी थार रोकी और नीचे उतरे, पहले से घात लगाकर बैठे 4-5 हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब 10-15 राउंड गोलियां चलीं. हैप्पी को करीब 6-7 गोलियां लगीं. उन्हें गंभीर हालत में तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. बता दें कि इससे पहले जनवरी में अमृतसर के एक रिसॉर्ट में शादी समारोह के दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच जरनैल सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. वहीं, तरनतारन में 18 फरवरी को गांव शेरों के एक मैरिज पैलेस में AAP सरपंच हरबिंदर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

बुलेटप्रूफ गाड़ी घर छोड़ी और हो गया हमला
इस हत्याकांड में एक बड़ी बात सामने आई है कि हरपिंदर सिंह हैप्पी को पहले से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं. इसी खतरे के मद्देनजर उनके पास एक बुलेटप्रूफ गाड़ी भी थी. शुक्रवार को हैप्पी अपनी बुलेटप्रूफ गाड़ी के बजाय सामान्य थार गाड़ी में जिम आए थे. हमलावरों को शायद इस बात की जानकारी थी और उन्होंने इसी मौके का फायदा उठाकर हमला कर दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार होकर मौके से फरार हो गए.

पुलिस की कार्रवाई और प्रारंभिक जांच
घटना की सूचना मिलते ही बाघापुराना थाना के एसएचओ जितेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से खाली खोल बरामद किए हैं और आसपास के CCTV कैमरों को खंगाला जा रहा है. शुरुआती जांच में पुलिस इसे पुरानी रंजिश का मामला मान रही है. पुलिस का दावा है कि कुछ हमलावरों की पहचान कर ली गई है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाकर छापेमारी की जा रही है. दिनदहाड़े भरे बाजार में हुई इस हत्या से बाघापुराना और आसपास के गांवों में भारी तनाव और दहशत का माहौल है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं