विज्ञापन

लुधियाना में बीजेपी की 'पूर्वांचल सम्मान रैली', पंजाब में चुनाव से पहले क्या है पार्टी की रणनीति?

2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी लुधियाना में 'पूर्वांचल सम्मान रैली' करने जा रही है. इस रैली को हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी संबोधित करेंगे.

लुधियाना में बीजेपी की 'पूर्वांचल सम्मान रैली', पंजाब में चुनाव से पहले क्या है पार्टी की रणनीति?
  • पंजाब में चुनाव से पहले बीजेपी ने पूर्वांचल प्रवासी मतदाताओं को साधने की रणनीति तेज कर दी है
  • हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 22 फरवरी को लुधियाना में पूर्वांचल सम्मान रैली को संबोधित करेंगे
  • लुधियाना जिले की 14 विधानसभा सीटों में लगभग 19 लाख प्रवासी मतदाता हैं
लुधियाना:

पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं. इससे पहले बीजेपी ने प्रवासी मतदाताओं खासकर पूर्वांचल समुदाय को साधने की रणनीति तेज कर दी है. इसी कड़ी में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 22 फरवरी को लुधियाना में आयोजित 'पूर्वांचल सम्मान रैली' को संबोधित करेंगे. यह रैली ईस्टमैन चौक, ग्यासपुरा में आयोजित की जा रही है.

बीजेपी के जिला अध्यक्ष रजनीश धीमान ने रैली की तैयारियों की समीक्षा करते हुए बताया कि सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं. रैली में पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ और प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा भी मौजूद रहेंगे. पार्टी नेताओं का कहना है कि यह रैली 2027 चुनावों के मद्देनजर कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने के साथ-साथ प्रवासी समुदाय को भाजपा के साथ जोड़ने का प्रयास है.

14 सीटों पर पूर्वांचलियों का प्रभाव

लुधियाना में उत्तर प्रदेश और बिहार से आकर बसे प्रवासी मजदूर बड़ी संख्या में रहते हैं. अनुमान है कि जिले की 14 विधानसभा सीटों में करीब 19 लाख प्रवासी मतदाता प्रभाव रखते हैं. सहनेवाल, लुधियाना ईस्ट, लुधियाना वेस्ट, लुधियाना साउथ और लुधियाना नॉर्थ को प्रवासी बहुल सीटें माना जाता है. इसके अलावा जालंधर, अमृतसर, फगवाड़ा, होशियारपुर, बठिंडा अर्बन, मोहाली और फतेहगढ़ साहिब में भी प्रवासी मतदाता निर्णायक भूमिका निभाते हैं.

पूर्वांचलियों पर बढ़े हैं हमले

हाल के दिनों में पंजाब में प्रवासियों पर हमलों की घटनाएं भी सामने आई हैं. ऐसे में भाजपा इस मुद्दे को भी प्रमुखता से उठा सकती है. हरियाणा के मुख्यमंत्री को प्रचार में उतारकर भाजपा यह संदेश देने की कोशिश कर रही है कि वह प्रवासी समुदाय की सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर उनके साथ खड़ी है और 2027 के चुनावों में उन्हें एक संगठित राजनीतिक शक्ति के रूप में साधना चाहती है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Punjab, Punjab Assembly Election 2027, Nayab Singh Saini, Punjab Politics, BJP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com