मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मोहाली में नवनियुक्त 801 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे, जिससे उन्हें सरकारी नौकरियों के रूप में दिवाली का तोहफा मिला और उनकी सरकार के तहत कुल भर्तियों की संख्या 71,777 हो गई. सीएम ने कहा कि प्रत्येक नियुक्ति पूरी तरह बिना किसी ‘कैश' या ‘सिफारिश' के मेरिट के आधार पर की गई है. विपक्ष को भर्ती में भ्रष्टाचार की एक भी मिसाल दिखाने की चुनौती देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने घोषणा की कि अगले सप्ताह 600 और युवाओं को सरकारी नौकरियां मिलेंगी.
नवनियुक्त 801 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपने के बाद सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि विपक्ष किसी ठोस मुद्दे के अभाव में मेरे खिलाफ दुष्प्रचार कर रहा है. मैं इन नेताओं को चुनौती देता हूं कि वे मुझ पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप साबित करें या राजनीति छोड़ दें. वे इसलिए निराश हैं क्योंकि वे हमारी सरकार द्वारा किए जा रहे विकास और जनकल्याण के अभूतपूर्व कार्यों को सहन नहीं कर पा रहे.
अकाली दल और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इन पार्टियों ने अपने निजी हितों की राजनीति के जरिए पंजाब को आर्थिक और सामाजिक बदहाली की ओर धकेला है. उन्होंने आगे कहा कि इन पार्टियों के नेता अब मुझे बदनाम करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं क्योंकि वे यह स्वीकार नहीं कर पा रहे कि एक आम व्यक्ति, बिना किसी राजनीतिक परिवार या विरासत में मिली ताकत के, पंजाब के आम लोगों के लिए काम कर रहा है. उनके आरोपों का हमारा जवाब हमेशा हमारा काम, हमारी उपलब्धियां और आम परिवारों के चेहरों पर मुस्कान होगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिन 801 परिवारों के लिए ऐतिहासिक और भावुक है, जिनके युवाओं ने अपनी मेहनत और लगन से सरकारी कर्मचारी बनने का गौरव हासिल किया है. उन्होंने कहा कि आज की नियुक्तियों के साथ हमारी सरकार द्वारा दी गई कुल सरकारी नौकरियों की संख्या 71,777 हो गई है। ये सभी नौकरियां बिना किसी भेदभाव या सिफारिश के केवल मेरिट के आधार पर दी गई हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष ने उन पर बार-बार यह आरोप लगाया है कि वे सरकारी खजाने को लूट रहे हैं. हमारी सरकार द्वारा किया जाने वाला हर काम जनकल्याण के लिए होता है. राज्य का खजाना पंजाब के लोगों का है और सरकारी खजाने का एक-एक पैसा लोगों की भलाई के लिए खर्च किया जा रहा है. पिछली सरकारों के नेता सरकारी खजाने को अपनी निजी संपत्ति समझते थे, जबकि हम खुद को लोगों के पैसे का ट्रस्टी मानते हैं. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पीएसपीसीएल में सहायक पदों पर लगभग 600 और भर्ती के अवसर पहले ही पैदा किए जा चुके हैं, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और मजबूत हुए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं