आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राम मंदिर के चढ़ावा चोरी के जिम्मेदार लोगों को सजा दिलवाने को लेकर रविवार को सुंदरकांड पाठ कराने और देश भर में सिग्नेचर कैंपेन चलाने की घोषणा की. इसके बाद देश भर में सिग्नेचर कैंपेन चलाया जाएगा. अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अब हर सनातनी हिंदू का धर्म है कि वो चढ़ावा चोरी के जिम्मेदारों को सज़ा दिलवाने के लिए अपने आप को समर्पित करें.
“AAP” मुख्यालय पर प्रेसवार्ता कर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जिन्होंने रामचंद्र जी के घर में चोरी का महापाप किया, वहां जमीनों के बड़े-बड़े घोटाले किए उनको बचाने का प्रयास किए जा रहे हैं. ऐसे में अब जनता को आवाज उठानी पड़ेगी और प्रभु की शरण में जाना होगा. इसलिए इस 12 जुलाई, रविवार को सुबह 10 बजे जेएमडी टेंट, जापानी पार्क, सेक्टर 10, रोहिणी में हम लोग सुंदरकांड का पाठ करेंगे. सभी श्रद्धालुओं और राम भक्तों से निवेदन है कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में वहां पहुंचें. सुंदरकांड पाठ के बाद हनुमान जी का आशीर्वाद लेकर एक सिग्नेचर कैंपेन शुरू किया जाएगा.
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह सिग्नेचर कैंपेन देश भर में चलाया जाएगा. इस सिग्नेचर कैंपेन में एक आम नागरिक की प्रधानमंत्री के नाम एक चिट्ठी है. ये लेटर साइन किए जाएंगे, हम घर-घर जाएंगे और दिल्ली सहित हर जगह हजारों की संख्या में हनुमान चालीसा के पाठ रखे जाएंगे. लोग हनुमान चालीसा पढ़ेंगे, हनुमान जी और रामचंद्र जी की आरती गाएंगे और उसके बाद बड़ी श्रद्धा से इस लेटर पर साइन करेंगे। इसके बाद ये सभी लेटर प्रधानमंत्री जी को भेजे जाएंगे.
यह भी पढ़ें: ऑटो कंपनियों की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर बोले केजरीवाल, ‘लिखकर दें कि E-20 पेट्रोल से खराब नहीं होगी गाड़ी'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं