दक्षिण अफ्रीका से वर्ल्ड चैंपियनशिप में पावरलिफ़्टिंग का सिल्वर मेडल जीतकर देर रात दिल्ली लौटी कीया कुणाल बनर्जी सोशल मीडिया पर रातोंरात वायरल हो गईं. सोशल मीडिया पर अपनी शोहरत देखकर कीया बनर्जी भौच्चकी रह गईं. वो हैरान भी हैं और उन्हें शिकायत भी है. इथोपिया से दिल्ली लौटने के दौरान जब उनकी बातचीत NDTV संवाददाता विमल मोहन से हुई तो वो थोड़ा घबराई भी नजर आईं. वो कहती हैं सबकुछ इतनी तेजी से हुआ कि वो अपने आपे में नहीं रह पाईं.
दक्षिण अफ़्रीका पावरलिफ़्टिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में 47 किग्रा की की कीया बनर्जी ने डेडलिफ़्ट में 140 किग्रा वज़न उठाकर सिल्वर मेडल जीता और सोशल मीडिया पर उनका वीडियो जंगल की आग की तरह फ़ैल गया. एक फ़ैन ने लिखा, ‘प्लैनेट (पृथ्वी) की सबसे खूबसूरत पावरलिफ़्टर!'
Internet amused by Indian powerlifter Keyaa Banerji who looks straight out of anime
— RT (@RT_com) September 3, 2026
The 21-year-old just won junior deadlift silver at the 2026 IPF Worlds with a 140kg lift — over 3x her bodyweight
Some are already calling her the most beautiful powerlifter on the planet pic.twitter.com/KZma6lstZA
‘ये मेरे जीवन में पहली बार हुआ!'
NDTV से EXCLUSIVE और पहले इंटरव्यू में कीया बनर्जी कहती हैं कि उनका एक छोटा सा सोशल मीडिया अकाउंट था. और पावरलिफ़्टिंग और पढ़ाई पर फ़ोकस करने की वजह से वो बहुत ज़्यादा सोशल मीडिया पर मौजूद नहीं रहती थीं.
कीया कुणाल कहती हैं, 'ऐसा मेरे जीवन में पहली बार हुआ! मैंने कभी नहीं सोचा था. मैं ओतप्रोत तो हुई. लेकिन कई लोग सिर्फ़ मेरे चेहरे और मेरी पर्सनाल्टी पर कमेंट करने लगे. भारत और कई देशों में लोग लड़कियों की कामयाबी से ज़्यादा उसके अपीयरेंस पर कमेंट करते हैं, ये सही नहीं है.'
‘मुझे मेरे काम से पहचानें
सोनीपत के अशोका यूनिवर्सिटी में बीएससी साइकोलॉजी में पढ़ाई करने वाली कीया बनर्जी के दादा एक IAS अफ़सर रहे हैं. कीया बनर्जी पढ़ने में भी ज़हीन हैं और आगे की पढ़ाई बाहर जाकर करना चाहती हैं. वो कहती हैं कि उनकी कामयाबी को सराहा जाना चाहिए, उनके अपीयरेंस पर ज़्यादा फ़ोकस उन्हें सहज नहीं रहने देता. वो ये भी कहती हैं कि किसी भी एथलीट की कामयाबी और ख़ासकर महिला एथलीट की कामयाबी के बाद उनकी उपलब्धियों के हिसाब से ही उन्हें आंका जाना चाहिए.
‘मीराबाई चानू की फ़ैन हूं मैं, विराट कोहली की ड्राइव पसंद'
कीया बनर्जी ज़ोर देकर कहती हैं, ‘मुझे मीराबाई चानू (वर्ल्ड चैंपियन और ओलिंपिक पदक विजेता वेटलिफ़्टर) बहुत पसंद हैं. मैं वाकई उनपर ख़ास नज़र रखती हूं. उनका खेल और उनकी पर्सनैलिटी मुझे बहुत पसंद है.”
कीया बनर्जी विराट कोहली की क्रिकेट खेलने की ड्राइव की भी तारीफ़ करती हैं. वो कहती हैं कि विराट के अंदर जिस तरह से अपने खेल के प्रति समर्पण है वो काबिले तारीफ़ है.
‘मेरी ज़िम्मेदारियां बढ़ गई हैं'
NDTV से EXCLUSIVE बात करती हुई कीया कुणाल बनर्जी कहती हैं कि इस जीत और लोगों की प्रतिक्रिया के बाद उनकी ज़िम्मेदारी बढ़ गई है. वो कहती हैं, ‘मैं जानती हूं कि ये एक ओलिंपिक स्पोर्ट नहीं. लेकिन मुझे इस खेल में लगातार अच्छा करना है. दो साल पहले मैंने इसलिए इस खेल को शुरू कीया था. मैं इस खेल में और अच्छा करना चाहती हूं. लेकिन अपनी ज़िन्दगी में बहुत यकीन के साथ नहीं कह सकती कि मैं आगे क्या करना चाहती हूं.'
यह भी पढ़ें- कौन हैं कृष्ण चंद्र? जिन्होंने यूथ चैंपियनशिप में बनाया गजब का रिकॉर्ड, नीरज चोपड़ा की पकड़ी राह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं