विज्ञापन

19 गोल, 18 पेनल्टी कॉर्नर... पाकिस्तान को रौंदकर सेमीफाइनल में पहुंचा भारत, अब इस टीम से होगी भिड़ंत

भारत ने पाकिस्तान को 19-0 से हराकर महिला जूनियर एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है. टीम इंडिया अब शनिवार को सेमीफाइनल में कोरिया और मलेशिया के बीच होने वाले मैच के विजेता से भिड़ेगा.

19 गोल, 18 पेनल्टी कॉर्नर... पाकिस्तान को रौंदकर सेमीफाइनल में पहुंचा भारत, अब इस टीम से होगी भिड़ंत
AHF Junior Asia Cup 2026
X/Hockey India

भारत ने गुरुवार को पाकिस्तान को 19-0 से हराकर महिला जूनियर एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया. भारत ने शुरू से लेकर आखिर तक दबदबा बनाए रखा और अटैकिंग गेम का नजारा पेश करते हुए टूर्नामेंट की सबसे बड़ी जीत में से एक दर्ज की. भारत ने जहां 19 गोल किए, 18 पेनल्टी कॉर्नर और एक पेनल्टी स्ट्रोक हासिल किया, वहीं पाकिस्तान एक भी गोल, पेनल्टी कॉर्नर या पेनल्टी स्ट्रोक हासिल नहीं कर पाया.

भारत शनिवार को सेमीफाइनल में कोरिया और मलेशिया के बीच होने वाले मैच के विजेता से भिड़ेगा. भारत ने पहले क्वार्टर में पांच, दूसरे क्वार्टर में भी पांच, तीसरे क्वार्टर में तीन और अंतिम क्वार्टर में छह गोल करके बड़ी जीत दर्ज करके शान से सेमीफाइनल में जगह बनाई.

शुरुआती पांच मिनट के भीतर मिले दो पेनल्टी कॉर्नर

भारत को शुरुआती पांच मिनट के भीतर दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, हालांकि वह इनका फायदा नहीं उठा पाया. भारत ने छठे मिनट में गोल दाग दिया था, लेकिन रेफरल के बाद गोल को अमान्य घोषित कर दिया गया. भारत ने अपना दबाव बनाए रखा और एक मिनट बाद ही उसे एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला. इस बार पूजा साहू ने कोई गलती नहीं की और भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी.

नौवें मिनट में दोगुना की बढ़त

भारत ने नौवें मिनट में रोशनी ऐंद के मैदानी गोल से अपनी बढ़त को तुरंत दोगुना कर दिया. इस क्वार्टर में भारत को मिले चौथे पेनल्टी कॉर्नर पर तनुश्री काडू ने 11वें मिनट में डिफ्लेक्शन के जरिए गोल करके स्कोर 3-0 कर दिया. इसके बाद पाकिस्तान ने सर्कल के अंदर फाउल किया, जिससे भारत को 13वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक मिला जिसे सुखवीर कौर ने गोल में बदला.

सानिका माने ने इसके तुरंत बाद मैदानी गोल दागकर पहले क्वार्टर के बाद स्कोर 5-0 कर दिया. मधु सिदार ने 16वें मिनट में मैदानी गोल किया, जिसके दो मिनट बाद गीता यादव ने एक और गोल करके भारत की बढ़त को 7-0 तक पहुंचा दिया. सानिका ने 23वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया. इसके बाद तनुजा टोप्पो ने 25वें मिनट में मैच का अपना पहला गोल दागा.

भारत ने लगातार पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए. पूजा मलिक ने 27वें मिनट में पेनल्टी को गोल में बदलकर हाफ टाइम से पहले स्कोर 10-0 कर दिया. तीसरे क्वार्टर के शुरू में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला जिस पर पूर्णिमा यादव ने डिफ्लेक्शन से गोल करके स्कोर 11-0 कर दिया. मधु ने 39वें मिनट में और सुप्रिया ने 40वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला.

कृष्णा शर्मा ने 48वें मिनट में मैदानी गोल किया. यह उनका टूर्नामेंट में पहला गोल था. इसके एक मिनट बाद पूजा ने अपना दूसरा गोल किया और फिर 51वें मिनट में एक और गोल दागकर अपनी हैट्रिक पूरी की. भारत को 54वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे सुप्रिया ने गोल में बदला. इसके बाद बिनिमा धन ने 55वें मिनट में मैदानी गोल किया जबकि रोशनी ने 60वें मिनट में अपना दूसरा गोल करके स्कोर 19-0 कर दिया.

ये भी पढ़ें-  क्या रोहित शर्मा 2027 विश्व कप खेलेंगे? अब पूर्व कप्तान ने खुद कर दिया साफ

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Other Sports
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com