विज्ञापन

फुटबॉल इतिहास की सबसे बड़ी चोरी, जब गायब हुई वर्ल्ड कप ट्रॉफी को 'पिकल्स' नाम के कुत्ते ने खोज निकाला

फुटबॉल के इतिहास का वह सबसे अनोखा किस्सा जब पुलिस और जासूसों की नाकामी के बाद, एक साधारण पालतू कुत्ते ने चोरी हुई वर्ल्ड कप की चमचमाती ट्रॉफी सूंघकर ढूंढ निकाली थी.

फुटबॉल इतिहास की सबसे बड़ी चोरी, जब गायब हुई वर्ल्ड कप ट्रॉफी को 'पिकल्स' नाम के कुत्ते ने खोज निकाला
Football World Cup 1966 Stolen Trophy: 

Football World Cup 1966 Stolen Trophy: साल 1966 के फुटबॉल वर्ल्ड कप से ठीक चार महीने पहले एक ऐसी अजीब घटना घटी, जिसने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया. उस समय चमचमाती वर्ल्ड कप ट्रॉफी को इंग्लैंड के वेस्टमिंस्टर सेंट्रल हॉल में आम जनता के देखने के लिए प्रदर्शनी में रखा गया था. कड़ी सुरक्षा के बावजूद चोरों ने चालाकी दिखाई और वहां से इस बेसकीमती ट्रॉफी को उड़ा ले गए. खेल जगत के सबसे बड़े इनाम की इस तरह चोरी होने से हड़कंप मच गया और स्कॉटलैंड यार्ड के जासूसों की पूरी फौज चोरों की तलाश में जुट गई.

जांच के दौरान पुलिस को तब बड़ी सफलता मिली जब एडवर्ड बेटचले नाम का एक पूर्व सैनिक उनके हत्थे चढ़ा. उसने जैक्सन नाम बदलकर पुलिस को झांसा देने की कोशिश की थी. इस पूर्व सैनिक की चोरी तब पकड़ी गई जब उसने खुद ही अखबारों से भरा एक सूटकेस और फिरौती की रकम मांगते हुए एक नोट भेजा. चोर तो पुलिस की गिरफ्त में आ गया था, लेकिन सबसे बड़ा सिरदर्द यह था कि चोरी हुई असली ट्रॉफी अब भी गायब थी और पुलिस को उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था.

इसके ठीक एक हफ्ते बाद 27 मार्च 1966 की शाम को नॉरवुड इलाके में रहने वाले डेव कॉर्बेट नाम के शख्स की किस्मत ने बिल्कुल नया मोड़ ले लिया. डेव उस शाम रोज की तरह अपने काले और सफेद रंग के 'पिकल्स' नाम के कॉली नस्ल के पालतू कुत्ते को घुमाने और फोन करने के लिए अपने अपार्टमेंट से बाहर निकले थे. तभी अचानक पिकल्स उनके पड़ोसी की कार के पास गया और वहां जमीन पर किसी चीज को सूंघते हुए इधर-उधर दौड़ने लगा. बीबीसी की एक रिपोर्ट में कॉर्बेट के हवाले से कहा गया है.

डेव कॉर्बेट ने बाद में इस घटना को याद करते हुए बताया कि जब वह पिकल्स को पट्टा पहनाने के लिए उसके पास गए, तो उनकी नजर जमीन पर पड़े एक पैकेट पर पड़ी. वह पैकेट पूरी तरह से पुराने अखबार में लिपटा हुआ था और रस्सी से बहुत ही मजबूती के साथ बांधकर झाड़ियों में छिपाया गया था. जब डेव ने उस पैकेट को खोला, तो उनके होश उड़ गए क्योंकि अखबार के भीतर वही गायब हुई ऐतिहासिक 'जूल्स रिमेट ट्रॉफी' (वर्ल्ड कप) चमक रही थी.

ईमानदार नागरिक की तरह डेव तुरंत उस पैकेट को लेकर पास के पुलिस थाने पहुंचे और उसे अफसरों को सौंप दिया. शुरुआत में तो पुलिस को डेव पर ही शक हुआ और उन्हें चोर समझकर पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया. हालांकि, कड़ी जांच के बाद पुलिस को यकीन हो गया कि डेव का इस चोरी से कोई लेना-देना नहीं है और उनके पालतू कुत्ते पिकल्स के सूंघने की गजब की क्षमता की वजह से ही यह ऐतिहासिक ट्रॉफी मिल सकी है. इस वाकये के बाद डेव और पिकल्स रातों-रात पूरी दुनिया में मशहूर हो गए.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com