भारत को सिर्फ एक बार 1950 के वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने का मौका मिला जो सपना ही बनकर रह गया. लेकिन हर चार साल बाद ये साबित हो जाता है कि भारत में फुटबॉल के दीवानों की और इनकी दीवानगी की कोई सीमा नहीं. 11 तारीख की देर रात भारतीय समय के मुताबिक 12:30 बजे 23वें वर्ल्ड कप का पहला मैच मैक्सिको (वर्ल्ड रैंक 14) और दक्षिण अफ्रीका (वर्ल्ड रैंक 60) के बीच मैक्सिको सिटी में खेला जाएगा. भारत में अच्छे खासे फुटबॉल प्रेमी हैं जो क्लब लेवल के फुटबॉल के अलावा दुनिया भर के टॉप फुटबॉल स्टार्स के जुनूनी फैंस की तरह चार साल उनका पीछा करते हैं और उनके बारे में बहुत सारी जानकारियां रखते हैं. इन स्टार्स की फैन-फॉलोइंग और ट्रान्सफरमार्केट इंडिया सर्च डेटा के मुताबिक एक बार फिर फुटबॉल के महाकुंभ के दौरान इनपर सबकी नजरें बनी रहेंगी.
क्रिस्टियानो रोनाल्डो- पुर्तगाल, अल नासिर
इसमें कोई शक नहीं कि रोनाल्डो दुनिया के सबसे ज़्यादा लोकप्रिय फुटबॉल खिलाड़ियों में शामिल हैं. सोशल मीडिया पर उनके समर्थकों की संख्या उन्हें सबसे बेशकीमती सितारा बना देती है. सोशल मीडिया पर सभी प्लैटफ़ॉर्म को मिला दें तो दुनिया में उनके फॉलोअर्स की संख्या 1 बिलियन या 100 करोड़ बताई जाती है. सिर्फ़ इंस्टाग्राम पर रोनाल्डो के प्रशंकों की संख्या 66.5 करोड़ है.
ये और बात है कि 41 साल के पुर्तगाल के गोलमशीन (227 मैचों में 143 गोल) ने अबतक अपने देश के लिए फीफा का खिताब नहीं जीता है. रोनाल्डो और उनके फ़ैन्स के लिए इससे बड़ी कोई दुआ नहीं हो सकती कि वो वर्ल्ड कप की इस आखिरी कोशिश में अपने देश के लिए फुटबॉल वर्ल्ड कप का खिताब जीतने में कामयाब हो जाएं.
लियोनेल मेस्सी, अर्जेन्टीना, इंटर मायामी
अर्जेन्टीना के कप्तान लियोनेल मेस्सी पिछले साल दिसंबर में 14 साल बाद दुबारा भारत आए तो उनके साथ वर्ल्ड कप विजेता कप्तान का तमगा भी लगा था. मेस्सी ने भारत में अपनी दीवानगी इस कदर देखी कि उन्होंने एलान कर दिया, 'मैं फिर भारत आऊंगा.' मेस्सी और रोनाल्डो के दीवानों के बीच भारत में GOAT (ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम) को लेकर बहस होना आम बात है.
सोशल मीडिय़ा पर मेस्सी के 62.2 करोड़ और सिर्फ़ इंस्टाग्राम पर 50.6 करोड़ फॉलोअर्स हैं. 38 साल के 5 फ़ीट 7 इंच के मेस्सी ने अर्जेन्टीना के लिए 198 मैचों में 116 गोल किए हैं. सबसे बड़ी बात ये है कि उन्होंने पूर्व अर्जेन्टीनी कप्तान डिएगो मैराडोना की तरह पिछली बार 2022 में वर्ल्ड कप का ख़िताब जीत लिया. इसलिए भी भारत में उनके फ़ैन्स की संख्या लाखों में बढ़ गई.
किलियान एमबापे- फ्रांस, रियाल मैड्रिड
फ़्रांस के 27 साल के किलियान एमबापे ने 2018 वर्ल्ड कप का ख़िताब जीतने के बाद उनकी लोकप्रियता दुनिया भर में ज़बरदस्त बढ़ी है. वो राजनीतिक तौर पर भी बेहद मुख़र खिलाड़ी माने जाते हैं. सोशल मीडिया पर एमबापे के 15.5 करोड़ और इंस्टाग्राम 13.1 करोड़ फ़ैन्स हैं. क़तर वर्ल्ड कप 2022 में एमबापे अपनी टीम को दुबारा फ़ाइनल तक ले जाने में कामयाब रहे. भारत में फ़्रांस और एमबापे के फ़ैन्स की कमी नहीं है. पश्चिम बंगाल के चंदननगर में तो आज आपको आमतौर पर सिर्फ़ फ़्रांस या एमबापे के ही फ़ैन्स मिलेंगे.
लेमिन यामाल- स्पेन, बार्सिलोना
स्पेन के 18 साल के लेमिन यामाल को सबसे तेज़ी से चढ़ता सितारा और दुनिया के बेहतरीन फ़ुटबॉल खिलाड़ियों में से एक माना जाता है. 5 फ़ीट 7 इंच के गोल्डन हेयर वाले यामाल ‘राइट विंगर' या ‘राइट मिडफ़ील्डर' के तौर पर खेलते हैं. स्पेन के लिए पिछले दो साल में उन्होंने 25 मैचों में 6 गोल भी किये हैं. यामाल ने स्पेन के लिए 2024 UEFA चैंपियनशिप का ख़िताब भी जीता है. सोशल मीडिया पर यामाल के 8.3 करोड़ और इंस्टाग्राम पर 4.4 करोड़ फॉलोअर्स हैं.
नेमार- ब्राज़ील, सैंटोस
ब्राज़ील के 34 साल के नेमार पांव में चोट (काफ़ इंजरी) की वजह से वर्ल्ड कप के अपने पहले दो मैच नहीं खेल पाएंगे. लेकिन भारत में गूगल पर सर्च किये जाना वाले फ़ुटबॉल स्टार्स में वो टॉप पांच खिलाड़ियों में शामिल हैं. नेमार ने रियो ओलिंपिक्स 2016 का गोल्ड और लंदन ओलिंपिक्स 2012 का सिल्वर मेडल जीता है.
सबसे ज़्यादा पांच बार वर्ल्ड कप का ख़िताब जीतने वाली ब्राज़ील टीम के फ़ैन्स वर्ल्ड कप को ही सबसे बड़ा ख़िताब मानते हैं. ऐसे में नेमार पर वर्ल्ड कप ख़िताब जीतने का दबाव ज़रूर होगा. पिछली बार मैदान पर बार-बार गिरने की वजह से वो काफ़ी ट्रोल भी किये गए थे. सोशल मीडिया पर नेमार के 38 करोड़ और इंस्टाग्राम पर 23 करोड़ से ज़्यादा फ़ैन्स हैं.
एर्लिंग हालैंड- नॉर्वे, मैन सिटी
नॉर्वे और मैनचेस्टर सिटी के 25 साल के सुपर स्ट्राइकर अर्लिंग हालैंड की लोकप्रियता जबरदस्त तेज़ी से बढ़ी है. मैन सिटी की वजह से भारत में भी विराट कोहली सहित इनके काफ़ी दीवाने हैं. नॉर्वे के लिए उन्होंने 50 मैचों में 55 गोल उनके नाम दर्ज हैं. 6 फ़ीट 5 इंच के बेहद लंबे इस सुपरस्टार स्ट्राइकर ने मैन सिटी के लिए भी 132 मैचों में 112 गोल किये हैं. हालांकि हॉलैंड की टीम नॉर्वे की वर्ल्ड रैंकिंग 31 है. देखना होगा कि ये टीम हॉलैंड के साथ टूर्नामेंट में कहां तक सफ़र कर पाती है.
हालैंड के सोशल मीडिया पर 5.3 करोड़ फॉलोअर्स हैं तो इंस्टाग्राम पर 4 करोड़ से ज़्यादा, ट्विटर या ‘X' पर 1 करोड़ से ज़्यादा और टिकटॉक पर 30 लाख प्लस फॉलोअर्स हैं.
जूड बेलिंघम- इंग्लैंड, रियाल मैड्रिड
1966 में इकलौता वर्ल्ड कप ख़िताब जीतने वाली टीम में इस बार 22 साल के शानदार मिडफ़ील्डर जूड बेलिंघम के होने की वजह से वहां के फ़ैन्स में अपनी टीम को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं. ऊंचे कद के 6 फ़ीट 1 इंच लंबे मीडफ़ील्डर जूड ने इंग्लैंड के लिए 47 मैचों में 6 गोल भी किये हैं. रियाल मैड्रिड के लिए जूड ने 87 मैचों में 34 गोल किये हैं.
रियाल मैड्रिड स्टार जूड के सोशल मीडिया पर 4.1 करोड़ से ज़्यादा फ़ैन्स हैं. इंस्टाग्राम पर भी जूड के 4 करोड़ से ज़्यादा और X या ट्विटर पर तकरीबन 25 लाख फ़ैन्स हैं.
सरप्रीत सिंह- न्यूज़ीलैंड, पूर्व बायेर्न म्यूनिख़, वेलिंगटन फ़ीनिक्स खिलाड़ी
मौजूदा वर्ल्ड कप में 4 ऐसे खिलाड़ी भी खेल रहे हैं जिनका भारत से कनेक्शन रहा है. भारतीय मूल के इन चार खिलाड़ियों में न्यूज़ीलैंड के सरप्रीत सिंह पर भारतीय फ़ैन्स की ख़ासी नज़र रहेगी. पंजाब के जालंधर से जुड़े सरप्रीत का जन्म ऑकलैंड में हुआ. 5 फ़ीट 9 इंच के इस अटैकिंग मिडफ़ील्डर ने न्यूज़ीलैंड के लिए 24 मैचों में 3 गोल भी किये हैं. न्यूज़ीलैंड के लिए एक गोल उन्होंने केन्या के ख़िलाफ़ 2018 में मुंबई में भी किया.
मिडफ़ील्डर सरप्रीत के फ़िलहाल इंस्टाग्राम पर 70,000 फ़ैन्स हैं. लेकिन अगर उन्होंने न्यूज़ीलैंड के लिए अच्छा प्रदर्शन किया तो इस नंबर में यकीनन ज़बरदस्त इज़ाफ़ा होने वाला है.
निशान वेलुपिल्लै- ऑस्ट्रेलिया, मेलबर्न विक्टरी
तमिल मूल के 25 साल के निशान वेलुपिल्लै का जन्म मेलबर्न में हुआ. ऑस्ट्रेलिया के लिए 7 मैचों में 3 गोल करने वाले विंगर निशान अपनी स्पीड के लिए जाने जाते हैं. इसी साल निशान ने वर्ल्ड कप क्वालिफ़ाइंग के दौरान इंडोनेशिया और चीन के ख़िलाफ़ गोल किये और फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के लिए ऑस्ट्रेलिया टीम में जगह बना ली.
ऑस्ट्रेलियन टीम में आते ही निशान वेलुपिल्लै के सोशल मीडिया या इंस्टाग्राम पर फ़ॉलोअर्स की संख्या 4,000 से 10 लाख हो गई.
तहसीन मोहम्मद जमशिद- क़तर, अल दुहैल
केरल मूल के तहसीन मोहम्मद जमशिद के पिता तहसीन के पिता जमशिद यूनिवर्सिटी ऑफ़ कैलिकट के लिए फ़ुटबॉल खेलते थे. उनके वर्ल्ड कप खेलने का सपना तहसीन ने पूरा किया है. तहसीन क़तर की टीम में विंगर की भूमिका निभाते हैं और बेहद टैलेंटेड माने जाते हैं. 19 साल के तहसीन ने क़तर के लिए अबतक सिर्फ़ 3 मैच खेले हैं.
तहसीन मोहम्मद जमशिद ने इंस्टाग्राम पर बस 3 पोस्ट किये हैं लेकिन उनके 69000 फॉलोअर्स हैं. ज़ाहिर तौर पर ये नंबर्स लाखों में बढ़ने वाले हैं.
सैमुअल मोत्तुसामि- डीआर कॉन्गो, नैन्टेस
तमिल मूल के 29 साल के सैमुअल मोत्तुसामि का जन्म फ़्रांस में हुआ और वो फ़्रासं के ही नैन्टेस क्लब के लिए फ़ुटबॉल खेलते हैं. डिफेंसिव मिडफ़ील्डर सैमुअल ने कॉन्गो गणराज्य के लिए 57 मैच खेले हैं.
सैमुअल के सोशल मीडिया पर 7 लाख 20 हज़ार फ़ैन्स हैं. फ़ेसबुक पर उनके फ़ैन्स की संख्या 5.2 लाख और इंस्टाग्राम पर उनके फ़ैन्स की संख्या 1.8 लाख फ़ैन्स हैं.
यह भी पढ़ें- VIDEO: नोरा फतेही बन गईं फीफा 2026 की धड़कन, गोलपोस्ट के आगे नोरा के डांस ने मचा दी धूम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं