2026 BWF World Championships: त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की भारतीय महिला युगल जोड़ी ने बृहस्पतिवार को जापान की सातवीं वरीयता प्राप्त रिन इवानागा और की नाकानिशी को सीधे गेम में हराकर विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया. भारत की गैर वरीयता प्राप्त जोड़ी ने एकतरफा मुकाबले में रिन और नाकानिशी की विश्व में सातवें नंबर की जोड़ी को 21-16 21-12 से हराया.
हाल में अर्जुन पुरस्कार पाने वाली त्रीसा और गायत्री ने शुरू से अच्छा प्रदर्शन किया और अपनी प्रतिद्वंद्वी टीम को कोई मौका नहीं दिया. यह भारतीय जोड़ी 2022 और 2023 में लगातार दो वर्ष ऑल इंग्लैंड ओपन के सेमीफाइनल में पहुंची थीं. इस साल की शुरुआत में त्रीसा के टखने में चोट लगने के कारण यह जोड़ी कुछ टूर्नामेंट में नहीं खेल पाई थी. उन्होंने इंडोनेशिया ओपन में वापसी की और इस महीने की शुरुआत में फिलीपीन इंटरनेशनल चैलेंज जीता.
'इंडिया ओपन के कार्यक्रम पर काम कर रहे'
विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) के महासचिव थॉमस लुंड ने बृहस्पतिवार को कहा कि खेल की सर्वोच्च संस्था इंडिया ओपन के कार्यक्रम पर काम कर रही है जिसे यहां सर्दियों में प्रदूषण संबंधी चिंताओं के कारण अब फरवरी में आयोजित किया जाएगा. इंडिया ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट पहले जनवरी में आयोजित किया जाता था लेकिन अगले साल यह दो से सात फरवरी तक खेला जाएगा.
लुंड ने पत्रकारों से कहा,‘जब आप इस तरह के फैसले करते हैं तो निश्चित तौर पर ‘लॉजिस्टिक' से जुड़ी कुछ चीजें होती है. हम पूरे कैलेंडर को लेकर लगातार बातचीत कर रहे हैं. अभी इस टूर्नामेंट में काफी समय है.' विश्व के चौथे नंबर के खिलाड़ी और चार बार के विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता एंडर्स एंटोनसन प्रदूषण के कारण पिछले तीन साल से इंडिया ओपन में नहीं खेल रहे हैं. लुंड ने कहा कि टूर्नामेंट के समय का आकलन करते समय बीडब्ल्यूएफ ने दिल्ली के वायु प्रदूषण के प्रभाव पर विचार किया था. उन्होंने कहा, ‘फरवरी तक प्रदूषण में थोड़ी और कमी आएगी. फिलहाल कैलेंडर में पूरी तरह से फेरबदल करना संभव नहीं हो पाया है, लेकिन हम इस पर विचार कर रहे हैं.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं