पांच बार की पदक विजेता पीवी सिंधू, लक्ष्य सेन और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी तथा चिराग शेट्टी की पुरुष युगल जोड़ी को बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप के लिए बुधवार को यहां आसान ड्रॉ मिला लेकिन आयुष शेट्टी को पुरुष एकल के पहले दौर में चीन के शीर्ष वरीय शी यु कि की कड़ी चुनौती का सामना करना होगा. भारत को पांचों वर्ग- पुरुष एकल, महिला एकल, पुरुष युगल, महिला युगल और मिश्रित युगल में दो-दो प्रतिनिधित्व मिले हैं. युगल वर्ग में वरीयता प्राप्त सभी 16 जोड़ियों को पहले दौर में बाई मिली है. विश्व चैंपियनशिप में छठा पदक जीतने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बनने के लिए चुनौती पेश कर रहीं नौवीं वरीय सिंधू अपने अभियान की शुरुआत आयरलैंड की सोफिया नोबल के खिलाफ करेंगी. इस भारतीय खिलाड़ी की सेमीफाइनल तक ही राह आसान रहने की उम्मीद है, जहां उन्हें शीर्ष वरीय दक्षिण कोरिया की आन से यंग से भिड़ना पड़ सकता है. महिला एकल में उन्नति हुड्डा को पहले दौर में म्यांमार की थेट टार हुजार से भिड़ना है. प्रतियोगिता का आयोजन नई 17 से 23 अगस्त तक होगा
BWF World Championships 2026 MS WS MD Draw pic.twitter.com/wNEY9IqMJz
— BadmintonBlahBlah (@BadmintonBB) August 5, 2026
लक्ष्य का सामना कोलिंस से
पुरुष एकल में 14वें वरीय लक्ष्य को पहले दौर में ऑस्ट्रिया के कोलिन्स वेलेन्टाइन फिलमोन का सामना करना है. लक्ष्य अगर शुरुआती दो दौर की बाधा पार करने में सफल रहते हैं तो तीसरे दौर में उनका सामना थाईलैंड के दूसरे वरीय कुनलावत वितिदसार्न से हो सकता है. पुरुष युगल में सात्विक और चिराग की पांचवीं वरीय जोड़ी को पहले दौर में बाई मिली है, जबकि हरिहरन अम्साकरुणन और एमआर अर्जुन की जोड़ी अपने अभियान की शुरुआत स्कॉट गिल्डिया और पॉल रेनॉल्ड्स की आयरलैंड की जोड़ी के खिलाफ करेगी.
महिला युगल में कविप्रिया सेल्वम और सिमरन सिंघी अपने अभियान की शुरुआत निकोल कारुला और कारमेन मारिया जिमेनेज की स्पेन की जोड़ी के खिलाफ करेगी जबकि त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद भी पहले दौर में पॉला लोपेज और लूसिया रोड्रिग्ज की स्पेन की ही जोड़ी का सामना करेगी. मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की 15वीं वरीय जोड़ी को पहले दौर में बाई मिली है, जबकि रोहन कपूर और रुत्विक शिवानी गाडे को जोनाथन बिंग सान लेइ और क्रिस्टल लेइ की कनाडा की जोड़ी से खेलना है।
BWF World Championships - Mixed Doubles Draw#BWC2026 #NewDelhi2026 pic.twitter.com/qG2NB6ZD7N
— Badminton Talk (@BadmintonTalk) August 5, 2026
गोपीचंद ने ड्रॉ को बेहतर बताया
भारत के मुख्य कोच पुलेला गोपीचंद ने ड्रॉ को भारतीय खिलाड़ियों के लिए अच्छा बताते हुए कहा कि आयुष के लिए बाद में शी यु कि से भिड़ने से बेहतर है कि वह शुरुआत में ही उनका सामना करें. गोपीचंद ने बुधवार को यहां ड्रॉ के लिए आयोजित समारोह के इतर कहा, ‘‘कुल मिलाकर यह भारतीय नजरिए से एक अच्छा ड्रॉ लग रहा है। आयुष को पहले दौर में शी यु कि से भिड़ना है लेकिन मेरा मानना है कि आयुष बहुत अच्छा खेल रहा है.' उन्होंने कहा, ‘वह आक्रामक शैली का खेलता है शी यु कि के खिलाफ पहले दौर में खेलना ड्रॉ में बाद में खेलने से बेहतर है, तो मुझे लगता है कि उस नजरिए से यह ड्रॉ बेहतर है.'
वर्ष 2021 के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य के संदर्भ में उन्होंने कहा, ‘वह कुछ बड़े टूर्नामेंट में चूक गया है. 2021 का कांस्य पदक उसके करियर की शुरुआत में उसकी बड़ी जीत में से एक थी. आज मैं कहूंगा कि वह बहुत अधिक परिपक्व है और उसके पास अधिक अनुभव है.' उन्होंने कहा, ‘वह कुछ बड़े टूर्नामेंट जीतने में कामयाब रहा है, लेकिन मुझे लगता है कि यह मुश्किल होने वाला है. लक्ष्य हालांकि दुनिया में किसी भी खिलाड़ी को हरा सकता है.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं