गुरुवार को वर्ल्ड चैंपियनशिप में पुरुषों के सिंगल्स प्री-क्वार्टर फाइनल में आयुष शेट्टी को इंडोनेशिया के अपने प्रतिद्वंद्वी अल्वी फरहान से हार का सामना करना पड़ा, जिससे भारत का पुरुषों का सिंगल्स अभियान खत्म हो गया. 21 साल के शेट्टी, जिन्होंने पहले राउंड में मौजूदा चैंपियन और दुनिया के नंबर 1 चीनी खिलाड़ी शी यू क्यूई को हराकर सबको चौंका दिया था, दुनिया के नंबर 12 खिलाड़ी फरहान से 19-21, 11-21 से हार गए. इसके अलावा दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु का अभियान प्री-क्वार्टरफाइनल में समाप्त हो गया.
11वीं सीड वाले इंडोनेशियाई खिलाड़ी के खिलाफ आठ मुकाबलों में यह उनकी पांचवीं हार थी, और इस नतीजे के साथ ही भारत का पुरुषों का सिंगल्स अभियान समाप्त हो गया. लक्ष्य सेन बुधवार को ही इस बड़े टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे. इससे पहले दिन में, भारत की महिला डबल्स जोड़ी ट्रेसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने जापान की सातवीं सीड वाली जोड़ी रिन इवानागा और की नाकानिशी को सीधे गेम में हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई और मेडल की ओर एक कदम बढ़ाया.
बिना सीडिंग वाली भारतीय जोड़ी - जो ट्रेसा के चोट से उबरने के बाद वापसी कर रही है - ने एकतरफा मुकाबले में दुनिया की नंबर 7 जापानी जोड़ी रिन और की को 21-16, 21-12 से हराकर शानदार प्रदर्शन किया. ट्रेसा और गायत्री, जिन्हें 2025 के लिए अर्जुन अवॉर्ड दिया गया था, 2022 और 2023 में लगातार दो साल ऑल इंग्लैंड ओपन के सेमीफाइनल में पहुंची थीं. उन्होंने 2022 में कॉमनवेल्थ गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल भी जीता था और पिछले साल की शुरुआत में टॉप 10 में जगह बनाई थी.
हालांकि, इस साल की शुरुआत में एशिया बैडमिंटन चैंपियनशिप और उबर कप से पहले ट्रेनिंग के दौरान ट्रेसा के टखने में चोट लग गई थी. प्रैक्टिस के दौरान गलती से ट्रेसा का पैर अपनी पार्टनर के पैर पर पड़ गया था, जिससे उनके टखने में मोच आ गई थी. इसके बाद हुई MRI जांच में मांसपेशियों में दो गंभीर टियर (फटन) और लिगामेंट में दो टियर का पता चला. कठिन रिहैबिलिटेशन के बाद, ट्रेसा और गायत्री ने इंडोनेशिया ओपन में वापसी की और फिर यूएस ओपन में हिस्सा लिया, जिसके बाद इस महीने की शुरुआत में उन्होंने फिलीपीन इंटरनेशनल चैलेंज जीता.
BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप में पीवी सिंधु का सफर खत्म
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु का BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में अभियान प्री-क्वार्टरफाइनल में समाप्त हो गया. नई दिल्ली में खेले गए राउंड ऑफ 16 मुकाबले में सिंधु को चीन की वांग झी यी ने 11-21, 21-15, 21-17 से हराया. यह वर्ल्ड चैंपियनशिप में किसी चीनी खिलाड़ी के खिलाफ सिंधु की पहली हार रही. उनके बाहर होने के साथ ही टूर्नामेंट में भारत का सिंगल्स अभियान भी खत्म हो गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं