19 सितंबर से शुरू हो रहे एशियन गेम्स से पहले भारतीय पुरुष और महिला टीमों के जापान में रहने को लेकर खबरें छाई हुई हैं. एशियाड के दौरान परंपरा से हटकर जापान में ‘गेम्स विलेज' नहीं बनाया गया है. ऐसे में एशियाड में हिस्सा ले रही टीमों के खिलाड़ियों को होटलों, शिपिंग कंटेनर, पोर्ट के पास स्टाइल मॉड्यूल होम में पर रहना पड़ेगा.
पटियाला और बेंगलुरु में कंटेनर जैसे कमरे
भारत सहित एशिया के दूसरे देश के एथलीट खुद को जापानी माहौल में ढालने के लिए कंटेनरों में रहने की प्रैक्टिस भी कर रहे हैं. भारतीय खेल प्राधिकरण (Sports Authority of India- SAI) ने पटियाला और बेंगलुरु में कंटेनर जैसे कमरे लगाए हैं ताकि एथलीट जापान जाने से पहले एक रात वहां रहकर आदत डाल सकें.
BCCI क्रिकेटरों के खास इंतजाम को लेकर सचेत है और वहां इन सबके लिए आश्वस्त होना चाहता है. जापान में खिलाड़ियों के रहने के इंतजाम और सुविधाओं को लेकर एशियन क्रिकेट काउंसिल- ACC और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड- BCCI पहले ही फिक्र जता चुके हैं. मेजबान आयोजकों ने क्रिकेट टीम के लिए बेहतर रहने के इंतजाम का भरोसा दिलाया है.
जल्दी ही जापान जाएगी BCCI की टीम- सूत्र
NDTV को भारतीय ओलंपिक संघ के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, BCCI टीमों के जाने से पहले जल्दी ही एक ऑब्जर्वर टीम को भेजने की तैयारी कर रहा है. ये टीम नागोया और आइची जाकर ACC होटल और क्रिकेट ग्राउंड का निरीक्षण करेगी. भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम सीधे क्वार्टर फाइनल में अपना पहला मैच 28 सितंबर को खेलेगी. लेकिन भारतीय महिला टीम को अपना पहला मैच मेजबान जापान के खिलाफ 18 सितंबर को ही खेलना है.
आइची-नागोया जाकर इंतज़ाम देखेगी टीम
माना जा रहा है कि अगले हफ़्ते बीसीसीआई की टीम ज़रूर आइची-नागोया जाकर टीम के रहने का इंतज़ाम देखेगी. इस बीच जापान क्रिकेट एसोसिएशन-JCA के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नाओकी एलेक्स मियाजी ने भरोसा दिलाया है कि क्रिकेट टीमों के लिए अच्छे होटल में इंतज़ाम किये जा रहे हैं. मियाजी ने ये भी साफ़ किया है कि कोई टीम चाहे तो अपने रहने का अलग इंतज़ाम भी कर सकती है.
खेल मंत्रालय ने भी रखी ख़ास मांग
जापान में खिलाड़ियों के लिए नागोया पोर्ट पर इटालियन क्रूज लाइनर कोस्टा सेरेना शिप में रहने के इंतज़ाम किये गये हैं. इनमें क़रीब 4500-5000 एथलीट रहेंगे. इसके अलावा क़रीब 2500 एथलीटों के लिए शिपिंग कंटेनरों को स्टाइल मॉड्यूल होम में बदला गया है. इसके अलावा बाक़ी एथलीटों के लिए आइची-नागोया से टोक्यो तक के कमरों में रहने के इंतज़ाम किये गये हैं. एशियन गेम्स के आयोजक सफ़ाई पेश कर रहे हैं कि टोक्यो ओलंपिक 2021 के दौरान तकरीबन 11,500 एथलीटों ने हिस्सा लिया था. लेकिन अब एथलीटों की संख्या 15000 से 17000 तक बढ़ गई है. इसलिए इनके रहने के अलग-अलग इंतज़ाम करने पड़ रहे हैं.
भारतीय खेल मंत्रालय ने भी शूटिंग, तीरंदाजी, वेटलिफ्टिंग जैसे चुनिंदा खेलों के लिए क्रूज शिप की बजाय ज़मीन पर होटल में रहने की व्यवस्था माँगी है. क्योंकि, जहाज के हिलने से खिलाड़ियों को चक्कर आना, जी-मिचलाना और संतुलन जैसी मुश्किलें पेश आ सकती हैं और खासकर इन खेलों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर असर पड़ने की ज्यादा गुंजाइश है.
कहां होंगे क्रिकेट के मैच?
एशियन गेम्स में क्रिकेट मुकाबले जापान के नागोया शहर से करीब 40 मिनट दूर नए बने कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले जाएंगे. पहले यह मैदान बेसबॉल के मैचों के लिए इस्तेमाल किये जाते थे. यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की टर्फ और हाइब्रिड पिचें डालकर इन्हें क्रिकेट मैदान में तब्दील किया गया है. ख़ास बात यह भी है कि पिच तैयार करने में श्रीलंका के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम से जुड़े क्यूरेटर्स की भी मदद ली गई है. एशियाई क्रिकेट काउंसिल के मुताबिक खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए क्रिकेट मैदान पर अस्थायी और स्थायी दोनों तरह की जरूरी सुविधाएं मौजूद होंगी.
इस बीच जापान में क्रिकेट को लोकप्रिय बनाने के लिए कम्यूनिटी प्रोग्राम भी चलाए जा रहे हैं. क्रिकेट को स्कूलों और शॉपिंग सेंटरों तक पहुंचाया जा रहा है. उम्मीद की जा रही है कि एशियाई खेलों के बाद जापान में क्रिकेट की रंगत बदल जाएगी.
ये भी पढ़ें- Asian Games 2026: एशियाई खेलों में VVS लक्ष्मण संभालेंगे टीम इंडिया की कमान, गंभीर को क्यों रखा दूर?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं