इलाहाबाद में लगे सपा विरोधी विवादित होर्डिंग्स से सियासी गलियारों में मची खलबली

इलाहाबाद में लगे सपा विरोधी विवादित होर्डिंग्स से सियासी गलियारों में मची खलबली

सोशल मीडिया में तस्वीरें वायरल होने के बाद प्रशासन ने सारे होर्डिंग्स हटाए

इलाहाबाद:

उत्तर प्रदेश का इलाहाबाद इन दिनों सियासी होर्डिंग और पोस्टरवार से पटा पड़ा है। इस बीच यहां लगे एक विवादित होर्डिंग से सियासी गलियारों में खलबली मच गई। दरअसल शहर के कई इलाकों में लगे विज्ञापन की जगह जारी विवादित होर्डिंग के जरिये मथुरा कांड के मुद्दे पर प्रदेश की सपा सरकार पर निशाना साधा गया है, जिसमें दावा किया गया है कि प्रदेश में अगली सरकार बीजेपी की होगी। वैसे ये होर्डिंग किसने लगवाया, इस बारे में अभी स्पष्ट पता नहीं, लेकिन इसकी तस्वीरें जब सोशल साइट पर वायरल हुई, तो जिला प्रशासन हरकत में आई और सुबह तड़के ही शहर से सारे होर्डिंग्स हटा दिए गए

इलाहाबाद के सिविल लाइंस स्थित सरदार पटेल मार्ग पर लगे ऐसी ही एक होर्डिंग में लिखा था, 'खून से रंगी मथुरा, सो रही सरकार। ना गुंडाराज ना भ्रष्टाचार अबकी बार भाजपा सरकार।' इसके साथ ही इस पर एक कार्टून भी बना है, जिसमें दिखाया गया है कि एक नेता की गोद में बैठा शख्स सामने खड़े पुलिसकर्मी पर गोली चला रहा है।
 


वहीं एक अन्य होर्डिंग में लिखा है 'राज कर रहे हैं भू-माफिया, सो रही सरकार। ना गुंडाराज ना भ्रष्टाचार अबकी बार भाजपा सरकार।' इस होर्डिंग में भी बने कार्टून में एक आदमी पेड़ पर बनी मचान से पुलिस पर गोलियां चला रहा है।'

पिछले दिनों इलाहाबाद में आयोजित बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में भी मथुरा कांड की चर्चा छाई रही थी। बीजेपी के वरिष्ठ मंत्रियों ने इस मुद्दे को लेकर प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा था। अब शहर में ये होर्डिंग्स किसने लगवाया, अभी यह तो पता नहीं चला है, लेकिन इतना साफ है कि अखिलेश सरकार विरोधी इन विवादित होर्डिंग्स में बीजेपी का समर्थन किया गया है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com