विज्ञापन

मुंबई: बच्चों को ले जा रही स्कूल बस पर अचानक आ गिरा पेड़, 1 छात्र की मौत

मुंबई के चेंबूर इलाके में एक स्कूली बस पर अचानक पेड़ गिर गया, जिसमें एक 11 साल के छात्र की मौत हो गई.

मुंबई: बच्चों को ले जा रही स्कूल बस पर अचानक आ गिरा पेड़, 1 छात्र की मौत
मौके पर राहत और बचाव का काम जारी है.
मुंबई:

महाराष्ट्र के मुंबई में एक बड़ा हादसा हो गया है, जहां एक स्कूल बस पर पेड़ गिर पड़ा. जिस समय ये पेड़ गिरा, उस वक्त बस में 12 स्कूली बच्चे सवार थे. बस तिलकनगर स्थित यूनिवर्सल स्कूल की थी. इस दुर्घटना में कई बच्चे घायल हो गए. वहीं, 11 साल के एक बच्चे की मौत हो गई है. छात्र का नाम विहान श्रीवास्तव था.

जानकारी के मुताबिक, ये हादसा मुंबई के चेंबूर इलाके में दोपहर 2 बजकर 50 मिनट पर हुआ है. बस जब 11 नंबर रोड से गुजर रही थी, तभी उसके ऊपर अचानक पेड़ गिर पड़ा. इस दुर्घटना में 10 बच्चे घायल हो गए थे. इनमें से 5 छात्रों को जेन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिन्हें गंभीर चोटें आई हैं. वहीं, 4 बच्चों को मामूली चोटें आई हैं. हालांकि, इस दुर्घटना में विहान श्रीवास्तव को गंभीर चोटें आई थीं और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

बताया जा रहा है कि दुर्घटना के वक्त कई बच्चे अंदर ही थे. बस ड्राइवर, कंडक्टर और स्थानीय लोगों की मदद से सभी बच्चों को जल्द से जल्द बाहर निकाला गया. सभी बच्चों को बस से बाहर निकाल लिया गया है, लेकिन एक छात्र पेड़ की चपेट में आ गया.

Latest and Breaking News on NDTV

चेंबूर के स्थानीय लोगों ने स्थानीय अधिकारियों को कई पत्र लिखकर पेड़ों की छंटाई या उन्हें हटाने की मांग की थी, इससे पहले भी यहां ऐसी ही एक घटना हो चुकी थी. हालांकि, कई पत्र लिखने के बावजूद BMC ने कोई कार्रवाई नहीं की.

वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नगर निगम आयुक्त अश्विनी भिड़े और महापौर रितु तावड़े से चेंबूर घटना की जानकारी ली. इस घटना में घायल बच्चों की हालत खतरे से बाहर है. सीएम ने सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mumbai, Tree Fall Down, Mumbai News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com