विज्ञापन
This Article is From Oct 04, 2016

मुंबई : सावधान...ट्रैफिक नियम तोड़ा नहीं कि वाहन की फोटो के साथ चालान होगा हाजिर...

मुंबई : सावधान...ट्रैफिक नियम तोड़ा नहीं कि वाहन की फोटो के साथ चालान होगा हाजिर...
कंट्रोल रूम में यातायात पर नजर रखे पुलिस कर्मी.
  • मुंबई की ज्यादातर सड़कों पर सीसीटीवी की नजर
  • सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था की भी निगरानी
  • एसएमएस के जरिए तुरंत भेजे जाएंगे चालान
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
मुंबई: मुंबई में लगे तकरीबन 5000 सीसीटीवी कैमरे सिर्फ सुरक्षा के काम ही नहीं आएंगे उनका इस्तेमाल मुंबई की ट्रैफिक समस्या से निपटने के लिए भी किया जाएगा. खासकर  यातायात नियमों को तोड़ने वालों की पहचान कर उन पर लगाम लगाने के लिए. मुंबई पुलिस आयुक्त दत्ता पडसलगीकर  ने मंगलवार को सीसीटीवी चालान योजना का शुभारंभ किया.

मुंबई के चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए करीब 5000 सीसीटीवी कैमरे लग चुके हैं. लेकिन यह तीसरी आंख सिर्फ सुरक्षा का काम नहीं करेगी बल्कि ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर भी नकेल कसने के काम भी आएगी.
 
मुंबई ट्रैफिक पुलिस के सह आयुक्त मिलिंद भारंबे ने एनडीटीवी को बताया कि वर्ली में यातायात के मुख्यालय के कंट्रोल रूम में बैठे पुलिस कर्मी लगातार कैमरे के जरिए अमूमन सभी सिग्नलों पर नजर गड़ाए रहेंगे. जैसे ही कोई वाहन सिग्नल तोड़ते, लेन कटिंग करते या फिर जेब्रा क्रासिंग पर दिखेगा वे उसकी तस्वीर क्लिक कर लेंगे. अगले ही पल वह तस्वीर चालान के साथ उस गाड़ी के मालिक के मोबाइल नंबर पर एसएमएस के जरिए चली जाएगी.
 

मुंबई के पुलिस आयुक्त दत्ता पडसलगीकर के मुताबिक इस सेवा के बाद अब सड़क पर मौजूद यातयात पुलिस कर्मी को वाहनों का पीछा करने की जरूरत नही होगी. उनका समय बचेगा जो यातयात नियंत्रित करने में काम आएगा.
 

ट्रैफिक पुलिस की सीसीटीवी चालान की खास बात है कि एसएमएस मिलने पर ऑनलाइन पेमेंट किया जा सकता है. यानी पूरी कोशिश कैशलेस और पारदर्शी सिस्टम बनाने की है ताकि रिश्वतखोरी पर लगाम लगाई जा सके. जुर्माना नहीं भरने वालों को नाकेबंदी के दौरान पकड़ा जाएगा. जिसने लगातार पांच बार नियम तोड़ा, उसका लाइसेंस रद्द हो सकता है.
 

वैसे तो यह सेवा बेंगलुरु में पहले से है लेकिन वहां चालान पोस्ट के जरिए भेजा जाता है जो खर्चीला है और वक्त भी काफी लगता है. जबकि यहां एसएमएस के जरिए और तुरंत भेजा जा रहा है. यानी अब सिग्नल तोड़ने, लेन बदलने और जेब्रा क्रोसिंग पर रुकने के पहले यह जरूर ध्यान रखें कि ट्रैफिक पुलिस भले ही सिग्नल पर मौजूद न हो लेकिन ऊपर वाला सब देख रहा है. हालांकि पुलिस के पास अभी सिर्फ 15 लाख वाहनों का डाटा मौजूद है जबकि मुंबई में तकरीबन 30 लाख वाहन रजिस्टर्ड हैं.
 

हाई टेक होती मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने सीसीटीवी की तरह अत्याधुनिक हाइड्रोलिक टोइंग वैन भी खरीदी है जो अब गलत जगह पर खड़ी महंगी कारों को भी बिना किसी नुकसान के मिनटों में ही उठा लेगी. ऐसी 80 हइड्रोलिक टोइंग वैन खरीदने की योजना है. इसके अलावा एक ऐप भी लांच हुआ है जिसमें नागरिक यातायात नियम तोड़ने वाले की फोटो पोस्ट कर उनकी शिकायत कर सकते हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
मुंबई, सीसीटीवी, यातायात, सुरक्षा व्यवस्था, मुंबई पुलिस, Mumbai, CCTV Network, Traffic, Mumbai Police, Security
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com