विज्ञापन
This Article is From Dec 11, 2017

नाबालिग अभिनेत्री से फ्लाइट में छेड़छाड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस आज कोर्ट में करेगी पेश

पुलिस ने गिरफ्तार किए गए शख्‍स की पहचान 39 साल के विकास सचदेव के रूप में की है. पुलिस ने आरोपी को धारा 354 और पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है.

नाबालिग अभिनेत्री से फ्लाइट में छेड़छाड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस आज कोर्ट में करेगी पेश
नाबालिग अभिनेत्री से फ्लाइट में छेड़छाड़ करने वाला गिरफ्तार
  • पुलिस ने गिरफ्तार शख्‍स की पहचान 39 साल के विकास सचदेव के रूप में की है
  • पुलिस ने आरोपी को धारा 354 और पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है.
  • अभिनेत्री के साथ विस्तारा एयरलाइंस में छेड़खानी की घटना हुई थी.
मुंबई: नाबालिग अभिनेत्री से फ्लाइट में छेड़छाड़ के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है. मुंबई पुलिस ने रविवार रात को आरोपी को गिरफ्तार किया है. आज उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा. 

नाबालिग अभिनेत्री से फ्लाइट में छेड़छाड़ मामला : रो-रोकर सुनाई आपबीती, पॉक्सो के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने गिरफ्तार किए गए शख्‍स की पहचान 39 साल के विकास सचदेव के रूप में की है. पुलिस ने आरोपी को धारा 354 और पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है. अभिनेत्री के साथ शनिवार को दिल्ली से मुंबई जा रही विस्तारा एयरलाइंस में छेड़खानी की घटना हुई थी. इंस्टाग्राम पर एक वीडियो के जरिए उन्होंने इसकी शिकायत थी. बाद में मुंबई पुलिस ने अभिनेत्री का बयान दर्ज कर इस मामले में आगे की तफ्तीश शुरू की.

अभिनेत्री के साथ विमान में हुई कथित छेड़छाड़ को महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग ने ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ घटना करार देते हुए मामले की जांच की मांग की थी. उधर विमानन कंपनी ने कहा कि वह घटना को लेकर नियामक नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) को पहले ही प्रारंभिक रिपोर्ट सौंप चुकी है. घटना को लेकर चारों ओर निंदा हो रही है. विमानन कंपनी विस्तारा ने भी इस संबंध में अभिनेत्री से माफी मांगी है. कंपनी ने कहा कि इस तरह की घटनाओं को वह ‘कतई बर्दाश्त’ नहीं करती और इस संबंध में वह भी जांच कर रही है. कंपनी ने साथ ही कहा कि यह एक ‘दुर्भाग्यपूर्ण घटना’ है. एयरलाइन ने साथ ही कहा कि उसके प्रबंधन दल के वरिष्ठ सदस्य अभिनेत्री से मिलने मुंबई जा रहे हैं.

बेंगलूरु : ओला कैब के ड्राइवर ने दरवाजा लॉक कर महिला यात्री को दबोचा

अभिनेत्री ने इंस्‍टाग्राम पर पोस्‍ट किए गए वीडियो में कहा कि वह दिल्ली से मुंबई जाने वाले एयर विस्तारा के विमान में यात्रा कर रही थीं तभी उनके पीछे बैठे व्यक्ति ने गलत तरीके से छूने की कोशिश की. विस्तारा ने देर शाम जारी किए गए एक बयान में कहा, ‘‘शनिवार रात हमारी उड़ान में अभिनेत्री के साथ जो दुर्भाग्यपूण घटना हुई उसे लेकर हम बेहद चिंतित हैं और हमें खेद है. हम इसपर अपना पूरा ध्यान देते रहेंगे और इस समय चल रही जांच में सभी संबंधित अधिकारियों को अपना पूरा समर्थन दे रहे हैं.’’ एयरलाइन ने कहा कि उसने डीजीसीए को प्रारंभिक रिपोर्ट सौंप दी है और पुलिस को सभी जरूरी ब्योरे दे दिए हैं.

अभिनेत्री ने वीडियो में कहा, ‘‘मैं रविवार को दिल्ली से मुंबई जा रहे विमान में यात्रा कर रही थी और मेरे पीछे अधेड़ उम्र का एक व्यक्ति बैठा था जिसने दो घंटे की मेरी यात्रा को तकलीफदेह बना दिया. मैंने इसे बेहतर तरीके से समझने के लिए अपने फोन में रिकॉर्ड करने की भी कोशिश की लेकिन (विमान के भीतर) केबिन की रोशनी मंद थी इसलिए मैं इसे रिकॉर्ड नहीं कर सकी...’’ उन्होंने कहा, ‘‘रोशनी मद्धिम थी तो यह और ज्यादा बुरा अहसास था. यह पांच से दस मिनट तक चलता रहा और फिर मुझे इसके बारे में पूरा यकीन हो गया. वह मेरे कंधों को कोहनी मार रहा था और लगातार अपने पैर मेरी कमर और गर्दन पर रगड़ रहा था’’, विमान से उतरने के तुरंत बाद रिकॉर्ड वीडियो में अभिनेत्री कई बार रोईं.

कॉलेज छात्रा से सरेआम छेड़खानी, वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस

उन्‍होंने कहा, ‘‘यह ठीक नहीं है, मैं परेशान हूं... क्या इस तरह आप लड़कियों की देखभाल करने जा रहे हैं? किसी को इस तरह का अनुभव नहीं कराना चाहिए. यह भयानक है. अगर हम खुद अपनी मदद नहीं करेंगे तो कोई भी हमारी मदद नहीं करेगा. यह सबसे खराब बात है.’’ घटना को ‘शर्मनाक’ बताते हुए महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग अध्यक्ष विजया रहतकर ने कहा कि वह मामले में नागर विमानन महानिदेशालय से विस्तृत जांच चाहती हैं. उन्होंने कहा, ‘‘आयोग महानिदेशालय को निर्देश देगा कि वह मामले की जांच कराए और शिकायत पर विस्तारा द्वारा उठाए गए कदमों की भी जांच करे.’’ वह इस मामले की भी जांच करे कि केबिन क्रू ने विमान के भीतर अभिनेत्री की मदद क्यों नहीं की. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक महिला पुलिस अधिकारी को अभिनेत्री के होटल में उनका बयान दर्ज करने के लिए भेजा गया है.

VIDEO: बेटी से छेड़छाड़ करने से मना करने पर शख्स को जिंदा जलाया

सहार थाने की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक लता श्रीसत ने बताया कि उनके बयान के आधार पर थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया. व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354 (महिला के शील भंग करने की दृष्टि से उपयोग किया गया आपराधिक बल या हमला) और यौन अपराध से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो कानून) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, क्योंकि अभिनेत्री नाबालिग हैं. एक अन्य पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी कि हवाईअड्डे के अधिकारियों के साथ मिलकर मामले की जांच कर रहे हैं तथा विमानन कंपनी से आरोपी व्यक्ति की पहचान स्थापित करने के लिए कहा है. सूत्रों ने बताया कि नागर विमानन महानिदेशालय ने विमानन कंपनी से घटना पर एक रिपोर्ट मांगी है.
 
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Men Arrested, Allegedly Molesting, Molesting Actress, Molesting In Flight
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com