विज्ञापन
This Article is From May 22, 2017

मुंबई : शिवसेना के पार्षद मांग रहे टोल से मुक्ति, राज्य सरकार को भेजा प्रस्ताव

शिवसेना के 84 पार्षदों ने राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजकर मांग की, अन्य दलों ने किया विरोध

मुंबई : शिवसेना के पार्षद मांग रहे टोल से मुक्ति, राज्य सरकार को भेजा प्रस्ताव
प्रतीकात्मक फोटो.
मुंबई: आम और खास का भेद मिटाने की कोशिश को शिवसेना के कब्जे वाली बीएमसी में झटका लगा है. पार्टी के 84 पार्षदों ने राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजकर मांग की है कि उन्हें टोल के झंझट से मुक्ति दी जाए. शिवसेना की मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) में नेता किशोरी पेडणेकर ने NDTV इंडिया को बताया कि, यह मांग पूरी होने पर पार्टी के काम के लिए मुंबई से बाहर जाने-आने के समय किफायतमंद साबित होगी. इस मांग को सहूलियत के रूप से देखा जाए न कि किसी और तरीके से.

नेशनल टोल पॉलिसी के मौजूदा नियमों के तहत सांसद और विधायक टोल फ्री आवागमन कर पाते हैं. इस सुविधा की चाहत शिवसेना के पार्षदों में भी जगी है. वैसे अन्य दल इसका विरोध करने में जुटे हैं.

समाजवादी पार्टी के नेता रईस शेख ने कहा है कि ऐसी मांग आम और खास के भेद को बनाती है. राजनेताओं को ऐसे भेदभाव से बचना चाहिए. समाजवादी पार्टी इसीलिए पार्षदों के लिए टोल फ्री करने की मांग का विरोध करती है और यह मुद्दा सदन में भी उठाएगी.

मुंबई के पांच टोल बूथ हैं जहां एक बार का टोल 35 रुपये है. जबकि शिवसेना के मुंबई के पार्षद चाहते हैं कि राज्यभर के टोल बूथ पर उन्हें छूट दी जाए.

वैसे, जब मुंबई के पार्षद का सरकारी काम ही मुंबई की सीमाओं में है तो शहर के बाहर राजनीतिक काम के लिए जाने के वक्त उसे टोल से छूट क्यों दी जाए? इसका तार्किक जवाब किसी से नहीं मिल पा रहा.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com