विज्ञापन

बंगाल चुनाव: कभी जिनका था राज आज उन्हीं नवाबों के परिवार का कट गया वोटर लिस्ट से नाम, 'छोटे नवाब' हुए नाराज

मुर्शिदाबाद के नवाब एक समय बंगाल, बिहार, ओड़िशा का शासन संभालते थे लेकिन आज उन्हें ही अपनी पहचान साबित करने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है. गोपाल ठाकुर की रिपोर्ट.

बंगाल चुनाव: कभी जिनका था राज आज उन्हीं नवाबों के परिवार का कट गया वोटर लिस्ट से नाम, 'छोटे नवाब' हुए नाराज
रेज़ा अली मिर्ज़ा उर्फ़ छोटा नवाब
NDTV

पश्चिम बंगाल में मुर्शिदाबाद के नवाब परिवार का इतिहास तीन सौ साल से भी ज़्यादा पुराना है. एक ज़माने में मुर्शिदाबाद एक साथ बंगाल, बिहार और ओड़िशा की राजधानी हुआ करता था. नवाबों का राज अब खत्म हो गया है, लेकिन मुर्शिदाबाद में उनकी निशानी और उनके वंशज आज भी मौजूद हैं. मुर्शिदाबाद के बीचों-बीच कई स्थापत्य स्मारक नवाब इतिहास की गवाही देते हुए खड़े हैं. नवाब स्थापत्य कला का सबसे अच्छा नमूना वासेज अली मिर्ज़ा ने बनवाया था. उनके वंशज आज भी इस शहर में रहते हैं. नवाबी तो खत्म हो गई, लेकिन आज नवाबों के वंशजों को अपने नाम के लिए ही संघर्ष करना पड़ रहा है.

अपनी पुश्तैनी हवेली में छोटे नवाब

अपनी पुश्तैनी हवेली में छोटे नवाब
Photo Credit: NDTV

नवाब परिवार के सौ सदस्यों के नाम ग़ायब होने पर हंगामा

दरअसल वासेज अली मिर्ज़ा के पोते रेज़ा अली मिर्ज़ा उर्फ़ 'छोटा नवाब' अपने परिवार के साथ मुर्शिदाबाद में रहते हैं. रेज़ा अली मिर्ज़ा और उनके बेटे फ़ईम मिर्ज़ा समेत नवाब परिवार के सौ से ज़्यादा सदस्यों के नाम नई जारी हुई वोटर लिस्ट में नहीं हैं. यह लिस्ट जारी होते ही ज़बरदस्त हंगामा हो गया है.

लिस्ट से अपने परिवार का नाम गायब होने पर छोटे नवाब ने भारी निराशा जताई है. उन्होंने वोटर लिस्ट की समीक्षा के लिए हो रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पर नाराज़गी प्रकट की है.रेज़ा अली मिर्ज़ा ने कहा,"हमने अपनी नागरिकता साबित करने के लिए सारे डॉक्यूमेंट जमा किए हैं, लेकिन इसके बाद भी उनका नाम हटा दिया गया है."

मुर्शिदाबाद में नवाबों के समय की काफी निशानियां दिखती हैं

मुर्शिदाबाद में नवाबों के समय की काफी निशानियां दिखती हैं
Photo Credit: NDTV

अब देनी होगी अर्जी

छोटे नवाब के बेटे फईम मिर्जा मुर्शिदाबाद म्युनिसिपैलिटी के वार्ड नंबर 10 से तृणमूल कांग्रेस के पार्षद हैं. उन्होंने कहा कि सारे डॉक्यूमेंट जमा करने के बाद भी नवाब परिवार के सौ से ज़्यादा सदस्यों के नाम लिस्ट से बाहर कर दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग यह नहीं बता रहा है कि उन्हें क्यों बाहर किया गया है. उनसे कहा जा रहा है कि नाम शामिल करने के लिए ट्रिब्यूनल में अर्जी देनी होगी.

ये भी पढ़ें-: Bengal Election: 'भूमि आंदोलन' की कोख से अब 'उद्योग' का जन्म होगा? बेचाराम बनाम डॉक्टर की जंग में फंसी सिंगुर सीट

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com