विज्ञापन
This Article is From Jun 24, 2020

जन्मदिन के दौरान मंत्री ने उड़ाई दो गज की दूरी के नियम की धज्जियां : भाजपा

भाजपा नेता सिंहदेव ने इस मामले में मंत्री और आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है.

जन्मदिन के दौरान मंत्री ने उड़ाई दो गज की दूरी के नियम की धज्जियां : भाजपा
छत्तीसगढ़ में कोरोनावायरस संक्रमण के अब तक 2300 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं. (प्रतीकात्मक तस्वीर)
अंबिकापुर:

छत्तीसगढ़ में मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि राज्य के खाद्य मंत्री अमरजीत भगत के जन्मदिन समारोह में दो गज की दूरी के नियम की जमकर धज्जियां उड़ायी गई, पार्टी ने इस संबंध में मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. सरगुजा क्षेत्र के भारतीय जनता पार्टी के नेता अनुराग सिंहदेव ने आरोप लगाया कि मंत्री अमरजीत भगत ने सोमवार को जन्मदिन समारोह में बड़ी संख्या में लोगों को एकत्र किया और दो गज की दूरी के नियम का पालन नहीं किया. सिंहदेव ने कहा है कि राज्य के कैबिनेट मंत्री का इस तरह से जन्मदिन मनाना अपने आप में प्रशासन को ठेंगा दिखाना है, उनके खिलाफ मामला दर्ज किया जाना चाहिए.


भाजपा नेता ने कहा कि पहले भी कई बार भगत दो गज की दूरी के नियम का उल्लंघन कर चुके हैं, ऐसे में मुख्यमंत्री को इस पर संज्ञान लेना चाहिए. उन्होंने कहा कि जब मंदिर बंद है. शादी और किसी की मृत्यु हो जाने पर कार्यक्रम करने के लिए प्रशासन से अनुमति लेने की जरूरत होती है, तब ऐसे में हजारों की भीड़ एकत्र कर अपना जन्मदिन मनाना, दो गज की दूरी के नियम का मजाक उड़ाना कहां तक उचित है? भाजपा नेता सिंहदेव ने इस मामले में मंत्री और आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है.


जब इस मामले में मंत्री भगत से बातचीत की गई तब उन्होंने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि सोमवार को वह क्षेत्र में कई कार्यक्रम में शामिल हुए. सोमवार को ही उनका जन्मदिन था, लेकिन कोई भी कार्यक्रम उनके जन्मदिन से संबंधित नहीं था.मंत्री ने कहा कि उन्होंने सरगुजा क्षेत्र में कई कार्यक्रमों में भाग लिया जिनमें कोरोना योद्धाओं को सम्मानित करने का कार्यक्रम भी शामिल था.


भगत ने कहा, ‘‘इन कार्यक्रमों के दौरान लोगों को मास्क वितरित किया गया. ऐसे में मास्क लेने आ रहे लोगों को मना नहीं कर सकते थे. सफाई कर्मचारियों को रेन कोट भी दिया गया. इस दौरान लगभग चार सौ की संख्या में सफाई कर्मचारी मौजूद थे. वहीं लाकडाउन के दौरान जिन लोगों को गरीबों की मदद की उनका सम्मान भी किया गया. यह सभी कार्यक्रम उनके जन्मदिन के उपलक्ष्य में नहीं थे.''

आयुष मंत्रालय ने कहा-पतंजलि की कोरोना टैबलेट के मामले में साइं‍टिफिक स्‍टडी की जानकारी नहींVideo

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Coronavirus, Chattisgarh, Congress Government, Amarjeet Bhagat, BJP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com