विज्ञापन
This Article is From Jun 01, 2018

छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में हुई मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर

धुमाछापर गांव के जंगल में नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर की फायरिंग, घटनास्थल से एक राइफल बरामद की गई

छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में हुई मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर
प्रतीकात्मक फोटो.
रायपुर: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस ने मुठभेड़ में एक नक्सली को मार गिराया तथा घटनास्थल से हथियार बरामद किया.

कबीरधाम जिले के पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह ने बताया कि जिले के तरेगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत धुमाछापर गांव के जंगल में पुलिस दल ने मुठभेड़ में एक नक्सली को मार गिराया है तथा घटनास्थल से एक राइफल बरामद की गई है. सिंह ने बताया कि तरेगांव थाना क्षेत्र में नक्सली गतिविधि की सूचना के बाद एसटीएफ, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, डीआरजी और जिला बल के संयुक्त दल को गश्त पर रवाना किया गया था. दल जब धुमाछापर गांव के जंगल में पहुंचा तब नक्सलियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस दल ने भी जवाबी कार्रवाई की.

पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी होने के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए. बाद में जब पुलिस दल ने घटनास्थल की तलाशी ली तब वहां से एक वर्दी धारी नक्सली का शव, 315 बोर की रायफल, नक्सली दस्तावेज और अन्य सामान बरामद किया गया. सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर भारी मात्रा में खून और घसीटे जाने के भी निशान मिले हैं, जिससे इस मुठभेड़ में कई अन्य नक्सलियों के हताहत होने की संभावना है.

VIDEO : नक्सली हमले में 6 जवान शहीद

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तरेगांव थाना क्षेत्र में नक्सलियों का विस्तार प्लाटून नंबर तीन सक्रिय था. मुठभेड़ में मारे गए नक्सली की पहचान नहीं हो पाई है. उन्होंने बताया कि कबीरधाम जिले में नक्सली मुठभेड़ की यह पहली घटना है. इस सफल अभियान के बाद दुर्ग क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस दल को एक लाख रुपये नगद इनाम देने की घोषणा की है. कबीरधाम मुख्यमंत्री रमन सिंह का गृह जिला है. जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में नक्सली गतिविधि की सूचना लगातार मिलती रही है.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Naxalite Killed In Encounter
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com