विज्ञापन
This Article is From Apr 21, 2018

महिला खिलाड़ी ने कर्नाटक के डॉक्टर पर लगाया दुष्कर्म का आरोप, जांच शुरू

पीड़िता का कहना है कि वह सोशल मीडिया के मार्फत दिसम्बर 2016 में आरोपी डॉक्टर के सम्पर्क में आई थी.

महिला खिलाड़ी ने कर्नाटक के डॉक्टर पर लगाया दुष्कर्म का आरोप, जांच शुरू
प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर
कोल्हापुर: महाराष्ट्र की एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की अग्रणी महिला खिलाड़ी ने कर्नाटक के एक डॉक्टर पर उसके साथ दो साल तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. कारवीर पुलिस स्टेशन के जांच अधिकारी दिलीप तिबिले के मुताबिक 33 साल की महिला खिलाड़ी ने इस सप्ताह की शुरुआत में डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कराया था. आरोपी डॉक्टर उत्तरी कर्नाटक के गुलबर्ग शहर में रहता है. तिबिले ने कहा, "महिला खिलाड़ी ने अपनी शिकायत में कहा है कि डॉक्टर ने शादी का झांसा देकर दो साल तक उसके साथ दुष्कर्म किया और अब वह अपने वादे से मुकर गया है. आरोपी फरार है. उसे खोजा जा रहा है."

पीड़िता का कहना है कि वह सोशल मीडिया के मार्फत दिसम्बर 2016 में आरोपी डॉक्टर के सम्पर्क में आई थी. इसके कुछ समय बाद वह आरोपी डॉक्टर से मिलने कोल्हापुर गई. कुछ समय बाद डॉक्टर ने महिला खिलाड़ी के सामने शादी का प्रस्ताव रखा. महिला ने उसे स्वीकार कर लिया क्योंकि उसे लगा कि डॉक्टर अच्छे परिवेश से ताल्लुक रखता है. शिकायत में कहा गया है कि इस साल मार्च तक डॉक्टर ने महिला खिलाड़ी को एक बार गोवा और एक बार बेंगलुरू बुलाया और उसका यौन शोषण किया.

महिला ने जब उसे शादी की याद दिलाई तो उसने ऐसा करने से इनकार कर दिया. इस बात पर दोनों के बीच काफी बहस हुई. डॉक्टर के इस व्यवहार से आहत महिला खिलाड़ी ने पुलिस में शिकायत करने की धमकी दी. डॉक्टर ने उसे ऐसा करने से मना किया और कहा कि अगर उसने ऐसा किया तो इसका परिणाम उसे सोशल मीडिया पर भुगतना होगा. डॉक्टर ने महिला खिलाड़ी को जान से मारने की भी धमकी दी.

तिबिले ने कहा कि इस मामले को गम्भीरता से लेते हुए कोल्हापुर पुलिस ने डॉक्टर को पकड़ने के लिए दो टीमें गठित की हैं. महाराष्ट्र पुलिस ने डॉक्टर को पकड़ने और महिला खिलाड़ी को न्याय दिलाने के प्रयासों के तहत कर्नाटक पुलिस से भी मदद मांगी है.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com