- बॉलीवुड फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से 20 करोड़ रुपये की रंगदारी की धमकी मिली है
- धमकी भरे 90 सेकंड के ऑडियो में सीधे तौर पर रोहित शेट्टी की जान लेने की बातें कही गई हैं
- धमकी में कहा गया है कि फरवरी 2026 की जुहू फायरिंग केवल एक ट्रेलर थी और अब अंजाम बुरा होगा
मशहूर बॉलीवुड फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी एक बार फिर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर हैं. रोहित शेट्टी के स्टाफ को करीब 90 सेकंड की एक खौफनाक धमकी भरी ऑडियो क्लिप मिली है, जिसमें फिल्ममेकर से 20 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है. इस ऑडियो क्लिप में सीधे तौर पर रोहित शेट्टी की जान लेने की बात कही गई है, जिसके बाद मुंबई पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
'बंदूक की भाषा में समझाएंगे...'-ऑडियो क्लिप की खौफनाक बातें
स्टाफ को भेजे गए इस 90 सेकंड के ऑडियो में धमकी देने वाले ने बेहद आक्रामक और डराने वाले लहजे का इस्तेमाल किया है. ऑडियो में कही गई मुख्य बातें इस प्रकार हैं. "तुमको मराठी में समझाया समझा नहीं, अब हमारी बंदूक की भाषा में समझायेंगे. तुझे वहम है कि पुलिस सिक्योरिटी लेकर बच जाएगा, तू बच नहीं सकता. मेरे शूटर तेरे आस-पास ही हैं, जो तुझे मारेंगे ही मारेंगे.
'जुहू फायरिंग सिर्फ एक ट्रेलर थी'
इस ऑडियो क्लिप में धमकी देने वाले ने दावा किया है कि फरवरी 2026 में रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर पर हुई फायरिंग सिर्फ एक 'ट्रेलर' थी. अगर इस बार 20 करोड़ रुपये की मांग पूरी नहीं की गई, तो अंजाम बेहद बुरा होगा और इस बार सीधे रोहित शेट्टी को ही निशाना बनाया जाएगा.
पुलिस जांच और फॉरेंसिक जांच जारी
रोहित शेट्टी के स्टाफ ने बिना किसी देरी के इस धमकी भरी ऑडियो क्लिप को मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने ऑडियो क्लिप को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है ताकि आवाज का मिलान किया जा सके. पुलिस की शुरुआती जांच में अंदेशा जताया गया है कि ऑडियो में मौजूद आवाज शुभम लोणकर की हो सकती है. शुभम लोणकर साल 2024 के बाबा सिद्दीकी हत्याकांड और फरवरी 2026 में रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग के मामले में पहले से ही एक वांटेड आरोपी है.
हालांकि ऑडियो में लॉरेंस बिश्नोई गैंग और शुभम लोणकर का नाम लिया गया है, लेकिन धमकी में किए गए दावों और इसमें बिश्नोई गैंग के सीधे तौर पर शामिल होने को लेकर मुंबई पुलिस की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. पुलिस हर एंगल से मामले की गहन जांच कर रही है.
-रुत्तिक गणकवार की रिपोर्ट
'मुझे कम से कम 15 हजार लोगों को...', मुहर्रम जुलूस में दवा के नाम पर जहर बांटने वाले आरोपी का कबूलनामा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं