- मुंबई क्राइम ब्रांच ने रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले में पुणे से एक आरोपी आशाराम फसले को गिरफ्तार किया
- आशाराम फसले पर आरोप है कि उसने फायरिंग में इस्तेमाल हुई बंदूक और हथियार मुख्य हमलावरों को सप्लाई किए थे
- अब तक इस मामले में कुल पांच आरोपी पुलिस गिरफ्त में हैं और सभी को मुंबई अदालत में रिमांड के लिए पेश किया जाएगा
फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल (AEC) को एक और बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने इस मामले में पुणे से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके बाद गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या 5 हो गई है. पकड़े गए नए आरोपी की पहचान आशाराम फसले के रूप में हुई है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आशाराम ही वह शख्स है जिसने वारदात में इस्तेमाल की गई बंदूक और हथियार मुख्य हमलावरों को सप्लाई किए थे.
अब तक की बड़ी अपडेट्स
अब तक इस मामले में 5 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं. पुलिस ने मुख्य कड़ी जोड़ते हुए गन सप्लायर को पुणे से उठाया है. आज सभी 5 आरोपियों को मुंबई की अदालत में रिमांड के लिए पेश किया जाएगा. इससे पहले गिरफ्तार किए गए 4 आरोपियों की पुलिस कस्टडी आज खत्म हो रही है, जिसके चलते पुलिस इनकी और रिमांड की मांग कर सकती है.
शूटर अब भी पुलिस की पहुंच से बाहर
पुलिस भले ही हथियारों की सप्लाई करने वालों और साजिशकर्ताओं तक पहुंच गई है, लेकिन असली चुनौती अब भी बरकरार है. रोहित शेट्टी के घर पर गोलियां चलाने वाला मुख्य शूटर अब भी फरार है. मुंबई पुलिस की कई टीमें अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं ताकि फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी को जल्द से जल्द दबोचा जा सके.
क्या था मामला?
फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग से मुंबई में हड़कंप मचा गया था. पुलिस इस मामले की जांच जबरन वसूली (Extortion) के एंगल से भी कर रही है. एंटी एक्सटॉर्शन सेल इस बात की पड़ताल कर रही है कि क्या इस फायरिंग के पीछे किसी बड़े अंडरवर्ल्ड गिरोह का हाथ है या फिर यह सिर्फ डराने की कोशिश थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं