- मुंबई में रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में प्रवीण लोनकर सहित 13 आरोपी गिरफ्तार किए गएा हैं.
- पूछताछ में पता चला कि लोनकर ने बाबा सिद्दीकी की हत्या से पहले पुणे में दो बार हथियारों की खेप पहुंचाई थी.
- जांच में पता चला कि छह पिस्टलों में से तीन आसाराम फसाले को दी गईं और फिर स्वप्निल सकत को सौंपी गईं.
मुंबई में निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग मामले में क्राइम ब्रांच की जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं. इस केस में पुलिस ने कुछ वक्त पहले प्रवीण लोनकर नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया था, उसकी गिरफ्तारी के बाद इस मामले में अब तक पकड़े गए आरोपियों की संख्या बढ़कर 13 हो गई. पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि प्रवीण लोनकर ने बाबा सिद्दीकी की हत्या से पहले पुणे में दो बार हथियारों की खेप पहुंचाई थी. हर खेप में तीन-तीन पिस्टल थीं यानी कुल छह पिस्टल पुणे भेजी गई थीं.
जांच में सामने आया है कि इन छह पिस्टलों में से तीन पिस्टल प्रवीण लोनकर ने आरोपी आसाराम फसाले को दी थीं. इसके बाद फसाले ने ये हथियार गिरफ्तार आरोपी स्वप्निल सकत को दे दिए.
स्वप्निल सकत के घर से मिली थी दो पिस्टल
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पिछले महीने स्वप्निल सकत के घर पर की गई तलाशी के दौरान इन हथियारों में से दो पिस्टल बरामद की गई थीं. हालांकि एक पिस्टल अभी भी गायब है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
इसी मामले में पुलिस ने पुणे से 42 साल के आसाराम फसाले को भी गिरफ्तार किया था. स्वप्निल सकत के घर की तलाशी के दौरान पुलिस को एक पिस्टल, तीन मैगजीन जिनमें कारतूस भरे थे और एक एयर गन भी मिली थी.
अभी तक इन लोगों को किया गिरफ्तार
इस केस में शुरुआत में पुणे के रहने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था. इनमें स्वप्निल बंडू सकत (23) जो वडगांव बुद्रुक का रहने वाला है, धायरी का छात्र समर्थ शिवशरण पोमाजी (19), पुणे में डिलीवरी बॉय के तौर पर काम करने वाला सिद्धार्थ दीपक येनपुरे (19) और कर्वेनगर का सेल्समैन आदित्य ज्ञानेश्वर गायकी (19) शामिल हैं.
बाद में टेक्निकल सर्विलांस और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने हरियाणा से चार और आरोपियों को पकड़ा. इनमें मुख्य शूटर दीपक रमेशचंद्र शर्मा (24) के साथ सनी कुमार (23), सोनू ठाकुर (23) और रितिक यादव (22) शामिल हैं.
इसके अलावा एक आरोपी विष्णु कुशवाहा (26) को आगरा से गिरफ्तार किया गया, जबकि जतिन भारद्वाज (24) और विशाल को उत्तर प्रदेश के नोएडा–गाजियाबाद इलाके से पकड़ा गया.
क्राइम ब्रांच सूत्रों का कहना है कि रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना के पीछे बड़ी साजिश की भी जांच की जा रही है. साथ ही सभी आरोपियों की भूमिका क्या थी, इसका भी पता लगाया जा रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं