विज्ञापन

दो हमनाम यार, दोनों गुंडे, दोनों को एक ही लड़की से हुआ प्यार, फिर एक ने दूसरे को दिया मार

दो दोस्त, दोनों गुडें, दोनों की एक ही गर्लफ्रेंड. लड़की चाहती थी कि उसका साथी क्राइम की दुनिया से दूर हो जाए. इस बीच एक गुंडा जेल चला जाता है, लेकिन जब वो जेल से बाहर आया तो उसी गर्लफ्रेंड के चक्कर में हत्या हो गई.

दो हमनाम यार, दोनों गुंडे, दोनों को एक ही लड़की से हुआ प्यार, फिर एक ने दूसरे को दिया मार
नागपुर में बीच सड़क पर हिस्ट्रीशीटर गौरव रगड़े की हत्या. मृतक की फाइल फोटो.
NDTV
  • नागपुर में दो दोस्तों ने लव ट्रायंगल की वजह से गौरव पंकज रगड़े की सड़क पर दिनदहाड़े चाकू से हत्या की.
  • गौरव रगड़े के खिलाफ अजनी पुलिस स्टेशन में हत्या, हत्या के प्रयास और डकैती सहित नौ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे.
  • हत्या के आरोपी गौरव रामभाऊ राउत और अभिषेक वासनिक भी पहले अलग-अलग हत्या के मामलों में आरोपी रह चुके हैं.
नागपुर:

गुंडे फिल्म देखी है आपने? वही रणवीर सिंह और अर्जुन कपूर वाली. फिल्म में दोनों जिगरी दोस्त कोलकाता के बड़े गुंडे होते हैं. लेकिन दोनों को एक ही लड़की से प्यार हो जाता है. बाद में उसी गर्लफ्रेंड को पाने की जिद में दोनों जिगरी दोस्त एक-दूसरे के जानी दुश्मन हो जाते हैं. ये थी रील कहानी लेकिन नागपुर में ये कहानी रियल में हो गई और कहानी में ट्विस्ट जरा और बढ़ गए. इस रियल कहानी में दोनों गुंडों के नाम भी एक ही हैं. और इसका क्लाईमैक्स खत्म होता है एक हत्या से. और वो भी सरेआम सड़कों पर दौड़ा-दौड़ा कर.

हत्या, हत्या के प्रयास सहित 9 मामलों के आरोपी नागपुर के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर गौरव रगड़े की गर्लफ्रेंड थी सपना (बदला हुआ नाम).  गौरव रगड़े का एक दोस्त है गौरव राउत. राउत भी एक हिस्ट्रीशीटर है. रगड़े के जरिए ही सपना राउत से मिलती है. 

कहानी में ट्विस्ट

किसी केस में रगड़े जेल चला जाता है. इस बीच राउत और सपना की नजदीकियां आगे बढ़ती हैं. सपना को क्राइम की दुनिया से नफरत होने लगती है. वो राउत को समझाती है कि वो क्राइम की दुनिया छोड़ दें. फिर राउत और सपना मिलकर एक क्लाउड किचेन शुरू करते हैं. उधर रगड़े जेल में बंद है. 

रगड़े एक कुख्यात अपराधी था. वह 'गमछू हत्याकांड' में मुख्य आरोपी था. अजनी पुलिस स्टेशन में उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और डकैती जैसे लगभग 9 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे. सबकुछ ठीक चल रहा था लेकिन तभी सपना का पहला बॉयफ्रेंड रगड़े जेल से जमानत पर छूट जाता है. 

राउत और सपना की पार्टी पर अटैक

जेल से छूटे रगड़े को पता चलता है कि उसकी गर्लफ्रेंड सपना अपने नए बॉयफ्रेंड राउत के साथ पार्टी कर रही है. रगड़े पार्टी के वाले घर में पहुंचता है और दरवाजे पर पत्थरों से हमला करने लगता है. घर में राउत का एक और हिस्ट्रीशीटर दोस्त अभिषेक वासनिक भी होता है. लेकिन ये हमला रगड़े को भारी पड़ता है. शराब के नशे में रगड़े ने राऊत से गाली-गलौज की और कमरे में तोड़फोड़ करते हुए कांच फोड़ दिए. 

घबराए हुए राऊत और दोस्तों ने पहले तो घर के पिछले दरवाजे से भाग कर जान बचाना चाहा. लेकिन, हिसाब चुकाने को बेताब गौरव रगड़े ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया. नरेंद्रनगर के सुंदरबन नाले के पास पुलिया पर रगड़े और राऊत के बीच जोरदार हाथापाई हुई. इस दौरान, रगड़े गिर गया. इसी दौरान राऊत का साथी वासनिक भी वहां पहुंच गया और हाथापाई में रगड़े के हाथ से चाकू छीनकर राऊत और वासनिक ने उस पर कई वार किए. 

उसके जमीन पर गिरते ही आरोपी वहां से भागने लगे. इस बीच, भीड़भाड़ वाली यातायात की जगह पर हुई इस फिल्मी स्टाईल घटना को देख नागरिकों ने शोरगुल मचाया. कुछ ने मोबाइल निकालकर घटना का वीडियो भी बनाया.

फिल्मी कहानी यही खत्म नहीं होती

कुछ दूर पर गश्ती पुलिस कर्मियों को वारदात का पता चला. अजनी थाने के पुलिसकर्मी मनीष भलमे और नरेश सावनकर दोनों भाग कर मौके पर पहुंचे. नरेश सावनकर घटनास्थल पर रुके, जबकि मनीष भलमे ने आरोपी का फिल्मी स्टाइल में पीछा शुरू कर दिया. पुलिसकर्मी मनीष ने करीब डेढ़ किलोमीटर तक पीछा करने के बाद हांफते आरोपी गौरव राऊत को  पकड़ लिया. उसके पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया.

नागपुर से प्रवीण मुधोलकर का इनपुट 
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nagpur, Nagpur Crime, Love Triangle, Love Triangle Murder, Nagpur Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com