महाराष्ट्र में मिलावटखोरों और गुटखा माफियाओं के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन यानी FDA के नए कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने अब बहुत ही कड़ा रुख अपना लिया है. हाल ही में NDTV को दिए गए एक खास इंटरव्यू में उन्होंने यह साफ कर दिया है कि राज्य में अब केवल गुटखा माफियाओं पर ही नहीं बल्कि इसका प्रचार करने वाले बड़े कलाकारों और सेलिब्रिटीज पर भी कानूनी शिकंजा कसने वाला है.
मकोका के बाद अब विज्ञापनों पर बड़ा चाबुक
महाराष्ट्र के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि गुटखा माफियाओं की कमर तोड़ने के लिए उन पर सीधे मकोका जैसा सख्त कानून लगाया गया है. इस कार्रवाई से पूरे महकमे में हड़कंप मच गया है. लेकिन असली खलबली अब बॉलीवुड और विज्ञापन जगत में देखने को मिल रही है. कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने चेतावनी दी है कि केवल उत्पादक ही नहीं बल्कि जनता को गुमराह करने वाले विज्ञापनों में दिखने वाले चेहरे भी कानून की नजर में बराबर के गुनहगार माने जाएंगे.
जब उनसे सीधे तौर पर यह पूछा गया कि क्या यह कार्रवाई पान मसाला या अन्य प्रतिबंधित उत्पादों का प्रचार करने वाले बड़े एक्टर्स पर भी होगी तो उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के जवाब दिया कि कानून की नजर में कोई छोटा या बड़ा नहीं होता है. यदि कोई भी स्टार्स जनता को गुमराह करता है और प्रोडक्ट तय मानकों के अनुसार नहीं है तो उन पर बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही ऐसे चेहरों को नोटिस भेजे जाएंगे.
ताबड़तोड़ छापेमारी और भारी जब्ती
तुकाराम मुंढे के कार्यभार संभालने के बाद से ही राज्य भर में ताबड़तोड़ छापों का दौर शुरू हो चुका है. विभाग के आंकड़े यह गवाही देते हैं कि FDA इस समय कितनी आक्रामक रूप से काम कर रही है. राज्य में प्रतिबंधित गुटखा की बिक्री के खिलाफ अब तक कुल 12.59 करोड़ रुपये का अवैध माल पूरी तरह से जब्त किया जा चुका है.
इसके अलावा पूरे महाराष्ट्र में कुल 439 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं और लगभग 598 आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है. आंकड़ों के मुताबिक पूरे राज्य में हर दिन औसतन 20 से ज्यादा स्थानों पर औचक छापे मारे जा रहे हैं. केवल दो महीनों के भीतर ही 1500 से अधिक सफल छापे मारे गए हैं. विभाग को रोजाना 500 से 1100 तक शिकायतें प्राप्त हो रही हैं और हर एक शिकायत पर फाइलों को लटकाने के बजाय तुरंत और सीधा एक्शन लिया जा रहा है.
यह भी पढ़ें-CJP प्रदर्शन के बीच दिल्ली मेट्रो ने मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय स्टेशन को खोला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं