- मृतक महेश सावन में घर में मटन खाने की जिद कर रहा था
- इसी बात पर पिता और महेश में काफी बहस हो गई, पिता की पिटाई से बेटे की मौत
- पुलिस ने सबूत मिटाने के आरोप में मां को भी किया गिरफ्तार
महाराष्ट्र के पुणे में एक पिता की ऐसी करतूत सामने आई है जिसे सुनकर रोना आ जाएगा. सनकी पिता ने सावन में मटन मांगने पर बेटे की पीट-पीटकर हत्या कर दी. इस घटना के बाद मां ने हत्या के सारे सबूत मिटाने की कोशिश की. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सनकी पिता और सबूत मिटाने के आरोप में मां को भी गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने बताया कि सावन महीने में मटन खाने की मांग करने पर विवाद हुआ. इसके बाद पिता ने 30 साल के बेटे की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी. मृतक युवक की पहचान 30 वर्षीय महेश गायकवाड़ के रूप में हुई है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अभी सावन का पवित्र महीना चल रहा है, जिसके चलते घर में मांसाहार का सेवन नहीं किया जा रहा था.
पिता-बेटे में हुई बहस
ये घटना पुणे के वारजे मालवाडी इलाके की है. गौरतलब है कि इस वारदात के बाद मृतक की मां ने भी हत्या के सबूत मिटाने में अपने पति का साथ दिया. पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए माता-पिता दोनों को गिरफ्तार कर लिया है. मृतक महेश ने घर में मटन खाने की जिद की. सावन में बेटे की इस मांग को लेकर पिता और पुत्र के बीच तीखी बहस शुरू हो गई.
पिता की पिटाई से महेश हुआ घायल
विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आगबबूला होकर पिता ने महेश की बुरी तरह से पिटाई शुरू कर दी. पिता द्वारा की गई यह मारपीट इतनी गंभीर थी कि महेश गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने दम तोड़ दिया.
मां सबूत मिटाने में जुटी
बेटे की मौत के बाद, पुलिस को सूचना देने के बजाय महेश की मां ने अपने पति को बचाने के लिए हत्या के सबूत नष्ट करने में उसकी मदद की. हालांकि, इस जघन्य अपराध की भनक जल्द ही वारजे मालवाडी पुलिस को लग गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की तहकीकात की और अपराध का खुलासा होने पर पिता को बेटे की हत्या के आरोप में और मां को सबूत नष्ट करने में मदद करने के जुर्म में गिरफ्तार कर लिया. पुलिस फिलहाल दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं