महाराष्ट्र के नासिक जिले में ढोंगी बाबाओं के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच अशोक खरात की मुश्किलें और बढ़ती दिख रही हैं. खरात के खिलाफ एक और गंभीर मामला दर्ज किया गया है, जिसमें उस पर माता‑पिता की मृत्यु टालने का झांसा देकर अपने ही करीबी और चार्टर्ड अकाउंटेंट से करोड़ों रुपये की ठगी का आरोप है.
शिकायतकर्ता सीए ललित पोफले ने आरोप लगाया है कि अशोक खरात ने 'अवतार पूजा' और विशेष अनुष्ठानों के जरिए माता‑पिता की उम्र बढ़ाने और मृत्यु टालने का दावा किया. इसी झांसे में आकर उन्होंने 8 करोड़ 76 लाख रुपये अलग‑अलग किस्तों में खरात को दे दिए. ललित पोफले कभी अशोक खरात के बेहद करीबी माने जाते थे, लेकिन सच्चाई सामने आने के बाद उन्होंने ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
यह भी पढ़ें- Dhongi Baba: शादी की बाधा दूर करने के नाम पर किया घिनौना काम, नासिक के एक और ढोंगी बाबा के खिलाफ FIR दर्ज
सरकारवाड़ा में मामला दर्ज
यह मामला नासिक के सरकारवाड़ा पुलिस थाने में दर्ज किया गया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, देर रात तक केस दर्ज करने की प्रक्रिया चलती रही. सीए ललित पोफले ने इससे पहले विशेष जांच दल (SIT) को लिखित शिकायत दी थी, जिसकी जांच के बाद शुक्रवार को औपचारिक रूप से FIR दर्ज की गई.
पहले से गंभीर आरोपों में घिरे हैं अशोक खरात
खुद को 'कैप्टन' और 'कॉस्मोलॉजी एक्सपर्ट' बताने वाले अशोक खरात पहले से ही यौन शोषण, ठगी और अंधविश्वास फैलाने जैसे कई गंभीर आरोपों का सामना कर रहा है. मार्च 2026 के अंत में उसकी गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच SIT को सौंपी गई थी. जांच में सामने आया है कि आरोपी महिलाओं के अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करता था, जिनमें से कई वीडियो पुलिस ने बरामद किए हैं.
यह भी पढ़ें- नासिक SIT जांच में ड्रामा; अशोक खरात की तबीयत बिगड़ी, ED ने रसूखदार भक्तों की लिस्ट बनाई
लगातार सामने आ रहे ढोंगी बाबाओं के मामले
खरात के मामले के बाद नासिक जिले में ढोंगी बाबाओं के खिलाफ शिकायतों की संख्या बढ़ी है. इसी कड़ी में हाल ही में धारणगांव खड़ग स्थित मठ के बाबा महेश गिरि के खिलाफ भी एक युवती ने यौन शोषण की शिकायत दर्ज कराई है. पीड़िता का आरोप है कि शादी में आ रही बाधाओं को दूर करने के नाम पर बाबा ने उसका शोषण किया. पुलिस ने महेश गिरि के खिलाफ यौन शोषण और जादू‑टोना विरोधी कानून के तहत केस दर्ज किया है.
पुलिस का कहना है कि अशोक खरात के खिलाफ दर्ज नए ठगी मामले की गहन जांच की जाएगी और जरूरत पड़ने पर पूछताछ के लिए शिकायतकर्ता के बयान दोबारा दर्ज किए जाएंगे. अधिकारी यह भी मान रहे हैं कि आने वाले दिनों में और पीड़ित सामने आ सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं