विज्ञापन
This Article is From Mar 14, 2018

महाराष्ट्र : कुएं में सैंकड़ों आधार कार्ड फेंके हुए मिले, जांच के आदेश

युवकों के एक समूह ने बुधवार को महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के एक कुएं की सफाई के दौरान सैंकड़ों आधार कार्ड फेंका हुआ पाया

महाराष्ट्र : कुएं में सैंकड़ों आधार कार्ड फेंके हुए मिले, जांच के आदेश
प्रतीकात्मक तस्वीर
मुंबई: युवकों के एक समूह ने बुधवार को महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के एक कुएं की सफाई के दौरान सैंकड़ों आधार कार्ड फेंका हुआ पाया. एक अधिकारी ने आज यह जानकारी दी. जिला प्रशासन ने इस संबंध में जांच के आदेश दिए हैं. वहीं डाक विभाग के अधिकारियों के खिलाफ इस संबंध में प्राथमिकी भी दर्ज हुई है.

अधिकारी ने बताया कि शिंदे नगर क्षेत्र के एक मंदिर के कुएं में कुछ प्लास्टिक बैग पाए जाने के बाद युवक उसकी सफाई का काम कर रहे थे. बैग खोलने के बाद उसमें आधार कार्ड की सैंकड़ो मूल प्रति देखकर वह हैरान रह गए. इनमें से ज्यादातर आधार कार्ड शहर के बाहरी क्षेत्र में स्थित लोहारा गांव के लोगों के थे.

ज्यादातर आधार कार्ड पहचान के लायक नहीं रह गए लेकिन, 157 आधार कार्डों को थोड़ा ही नुकसान पहुंचा था. इन पर यूनिक आईडिफिकेशन संख्या लिखा हुआ दिख रहा था. इन आधार कार्डों को तहसीलदार सचिन शेजल ने अपने कब्जे में ले लिया है.

शिकायत के बाद यवतमाल के कलेक्टर राजेश देशमुख ने तहसीलदार को इस संबंध में जांच करने और रिपोर्ट देने का आदेश दिया. पंचनामे के बाद तहसीलदार ने कल अवधूतवादी में डाक विभाग के अज्ञात अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई.

बरामद किए गए आधार कार्ड साल 2011 और 2014 के बीच भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ( यूआईडीएआई) ने जारी किये हैं.




(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com