- पिछले कुछ घंटों से लगातार बारिश से सड़कों पर पानी भर गया.
- जलभराव और बहते पानी में कारें बहती दिखीं. चंदन नगर में थार कार बह गई.
- क्रेन की मदद से थार को रोका और जलभराव वाली जगह से निकालकर सुरक्षित पार्क किया.
इंदौर में पिछले कुछ घंटों से बारिश का दौर बना हुआ है, लेकिन सड़कों पर जलभराव की स्थिति भी बन गई. पानी भरने से सड़कों पर हुए गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं. उधर, सड़कों पर हुए जलभराव और बहते पानी में कारें भी बहती दिख रही हैं. चंदन नगर इलाके में भी यही हुआ, जहां थार कार बहती चली गई, लेकिन क्रेन की मदद से उसे रोका और जलभराव वाली जगह से निकाल सुरक्षित स्थान पर पार्क किया गया.
थार का सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें क्रेन से कार को निकालते दिखाया है. बारिश की वजह से जल निकासी की व्यवस्था ठीक नहीं होने की वजह से यह मामले नगर निगम की पोल भी खोलते दिख रहे हैं. बारिश के कारण इंदौर में जगह-जगह जलभराव की घटनाएं सामने आ रही हैं.
लगातार वर्षा के बीच निगम की ऑरेंज टीम शहर में अलर्ट
शहर में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने विभिन्न जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर नगर निगम द्वारा किए जा रहे जल निकासी कार्यों का अवलोकन किया. इस दौरान उन्होंने शहर के अन्य जल जमाव वाले क्षेत्रों का भी जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
नगर निगम की टीमें लगातार सभी क्षेत्रों में मैदान में सक्रिय हैं और पर्याप्त संसाधनों एवं मशीनरी की सहायता से जल निकासी का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.
अफसरों को क्षेत्रों में भ्रमण के निर्देश दिए
निरीक्षण के दौरान आयुक्त सिंघल ने सभी अपर आयुक्तों एवं जोनल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने आवंटित जोन क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करते हुए जलभराव की स्थिति पर निगरानी रखें और जल निकासी एवं यातायात प्रबंधन के लिए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और सुगम आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं.
ये भी पढ़ें- गर्मी में नहाते हुए इंदौर चिड़ियाघर पहुंचेगा हिप्पो, 709 किमी लंबे सफर के लिए किए जा रहे खास इंतजाम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं