विज्ञापन

विक्रम विवि की बड़ी लापरवाही: व्हाट्सऐप पर भेजी पेपर कैंसिल की सूचना, कॉलेज ने करा दी परीक्षा

शासकीय नेहरू कॉलेज ने पूर्व निर्धारित टाइम-टेबल के अनुसार, 25 मई को समाजशास्त्र विषय पेपर का परीक्षा आयोजित करवा दी और उत्तर पुस्तिकाएं भी मूल्यांकन के लिए विश्वविद्यालय भेज दीं. इसके बाद कॉलेज को पेपर स्थगन का मेल आया.

विक्रम विवि की बड़ी लापरवाही: व्हाट्सऐप पर भेजी पेपर कैंसिल की सूचना, कॉलेज ने करा दी परीक्षा

विक्रमादित्य विश्वविद्यालय परीक्षा प्रबंधन एक बार फिर नाकाम साबित हुआ. लापरवाही और समन्वय की कमी का ऐसा मामला सामने आया है, जिससे पूरे परीक्षा तंत्र पर सवालिया निशान लग गया है. विश्वविद्यालय प्रशासन इस डिजिटल युग में भी कागजी या आधिकारिक ईमेल के बजाय 'व्हाट्सऐप' के भरोसे परीक्षा जैसी संवेदनशील व्यवस्था चलाता दिख रहा है. नतीजा यह हुआ कि बीए फाइनल ईयर की समाजशास्त्र की जिस परीक्षा को यूनिवर्सिटी ने स्थगित कर 11 जून को कराने का फैसला लिया था, वो परीक्षा आगर-मालवा के शासकीय नेहरू कॉलेज में तय समय के अनुसार, 25 मई को ही संपन्न करा ली गई और जांच के लिए उत्तर पुस्तिका विश्वविद्यालय को भेज दी गई. 

इस बड़ी गड़बड़ी के बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन बाकी बचे कॉलेजों में दूसरा पेपर सेट भेजकर परीक्षा कराएगा. वहीं आगर कॉलेज के छात्र पर भी अब परीक्षा दोबारा देने का दबाव है.

परीक्षा प्रभारी ने क्या कहा?

शासकीय नेहरू कॉलेज (आगर) के परीक्षा प्रभारी डॉ. हंसराज पाटीदार ने एनडीटीवी को बताया कि 23 मई को विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा स्थगित करने के लिए पत्र जारी हुआ था. विश्वविद्यालय ने यह पत्र अपने एक आधिकारिक व्हाट्सऐप ग्रुप में डाला था. इस ग्रुप में यूनिवर्सिटी से संबद्ध सभी कॉलेजों के प्राचार्य जुड़े हैं, लेकिन दुर्भाग्य से हमारे कॉलेज के प्रिंसिपल इस व्हाट्सऐप ग्रुप में शामिल नहीं हो सके थे.

स्थगित होने के बाद आयोजित हुई परीक्षा

​पाटीदार ने आगे कहा कि व्हाट्सऐप ग्रुप में न होने के कारण उन्हें समय पर परीक्षा निरस्त होने की कोई जानकारी नहीं मिली. इसके अलावा इस संबंध में उन्हें अन्य किसी माध्यम से आधिकारिक पत्र भी नहीं मिला. इसी वजह से कॉलेज प्रशासन ने पूर्व निर्धारित टाइम-टेबल के अनुसार, 25 मई को समाजशास्त्र (प्रमुख समाजशास्त्रीय विचारक-ए-1) विषय में ग्रुप-ए और ग्रुप-बी के 18 विद्यार्थियों की परीक्षा आयोजित करवा दी और उत्तर पुस्तिकाएं (कॉपियां) भी मूल्यांकन के लिए विश्वविद्यालय भेज दीं.

पाटीदार ने यह भी बताया कि यह पूरा मामला ग्रुप ए से संबंधित है. इस ग्रुप से सिर्फ एक छात्र ने परीक्षा दी है. वहीं ग्रुप बी से जिन 18 छात्रों ने परीक्षाएं दी है उनके लिए इस तरह का कोई आदेश नहीं है.

एक सप्ताह बाद आया ऑफिशियल मेल

​परीक्षा प्रभारी के अनुसार, कॉलेज प्रशासन को इस स्थगन की भनक तब लगी जब परीक्षा होने के करीब हफ्ते भर बाद बाद यानी 3 जून को विश्वविद्यालय की ओर से उनके ऑफिशियल ईमेल आईडी पर एक पत्र प्राप्त हुआ. इस ईमेल में लिखा था कि 25 मई की परीक्षा स्थगित कर अब 11 जून को आयोजित की जाएगी. 

अब सवाल यह उठता है कि जो सूचना 23 मई को ईमेल से भेजी जानी चाहिए थी, वह परीक्षा होने के 9 दिन बाद क्यों भेजी गई? जब हमने इस बारे में महाविद्यालय के प्राचार्य ​डॉ. डीपी चतुर्वेदी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया. 

अब 11 जून को होगी परीक्षा

परीक्षा प्रभारी हंसराज पाटीदार ने कहा है कि परीक्षा स्थगित होने और 11 जून को दोबारा परीक्षा का आयोजन को लेकर संबंधित छात्र दीपक को सूचित कर दिया गया है और 11 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा का पेपर कॉलेज प्रबंधन को मिल गया है. 

​इस पूरे घटनाक्रम ने विश्वविद्यालय की गोपनीयता और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं.

ये भी पढ़ें: 4.30 घंटे में पलटा राज्यसभा का गेम ! मीनाक्षी नटराजन ने कहा 'सीट चोरी' हुई, सीएम का पलटवार- जानबूझकर की गलती

ये भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव एमपी: आज दोपहर EC से मिलेंगे कांग्रेस नेता, नटराजन का पर्चा रद्द होने से गरमाई सियासत

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Madhya Pradesh News, Agar Malwa News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com