विज्ञापन

ट्विशा शर्मा केस: ‘हमें जेल में पूरा अखबार चाहिए, मीडिया कवरेज बंद हो’- गिरिबाला ने कोर्ट में रखी मांग

पूर्व जज गिरिबाला ने कोर्ट में कहा कि जेल में वकील से मिलने के समय पर पाबंदी न लगाई जाए और मीडिया को इस मामले से दूर रखा जाए.

ट्विशा शर्मा केस: ‘हमें जेल में पूरा अखबार चाहिए, मीडिया कवरेज बंद हो’- गिरिबाला ने कोर्ट में रखी मांग
गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं.

भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में सुनवाई के दौरान मंगलवार 16 जून को कोर्ट में आरोपी गिरिबाला ने अपनी मांग रखी. पूर्व जज ने मीडिया कवरेज को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश हुई गिरिबाला ने न सिर्फ जेल में मिलने वाले अखबारों को लेकर आपत्ति जताई, बल्कि वकील से मिलने के समय में राहत और मीडिया ट्रायल पर रोक लगाने की मांग भी की. इस दौरान सीबीआई ने दोनों आरोपियों की न्यायिक हिरासत बढ़ाने की मांग रखते हुए जांच का हवाला दिया.

‘कटा हुआ अखबार नहीं चाहिए'

सुनवाई के दौरान गिरिबाला सिंह ने अदालत को बताया कि जेल में जो अखबार पढ़ने के लिए दिए जाते हैं, उनमें उनके मामले से जुड़ी खबरों को काट दिया जाता है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि उन्हें पूरा अखबार दिया जाए ताकि वे पूरी जानकारी हासिल कर सकें. साथ ही उन्होंने कोर्ट से यह भी मांग की कि उन्हें अपने वकील से पर्याप्त समय तक बातचीत करने की अनुमति दी जाए.

मीडिया ट्रायल पर रोक की मांग

गिरिबाला और उनके बेटे समर्थ सिंह ने कोर्ट में मीडिया ट्रायल पर भी आपत्ति जताई. उनका कहना था कि मीडिया इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का उल्लंघन कर रही है. उन्होंने मांग की कि मीडिया को मामले से दूर रखा जाए और ट्विशा के परिजनों के वकीलों को भी मीडिया में बयान देने से रोका जाए. उनके वकील जॉर्ज कार्लो ने भी अदालत में यही दलील रखी.

साक्ष्यों को लेकर नई मांग

गिरिबाला ने कोर्ट में ट्विशा के सीजर मेमो की मांग भी उठाई. उन्होंने कहा कि इसमें ट्विशा की दवाइयों के पर्चे शामिल हैं, जिन्हें देखना जरूरी है. साथ ही जब्त की गई दवाइयों की पूरी डिटेल भी मांगी गई है, ताकि केस के तथ्यों को समझा जा सके.

सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने एक और आवेदन अदालत में लगाया, जिसमें ट्विशा के माता-पिता, भाई और भाभी के मोबाइल फोन जब्त कर उनकी जांच करने की मांग की गई है. इस आवेदन पर कोर्ट 27 जून को सुनवाई करेगा.

सीबीआई ने की रिमांड बढ़ाने की मांग

दूसरी ओर, सीबीआई ने अदालत को बताया कि मामले की दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी तक नहीं मिली है. इसी को आधार बनाते हुए एजेंसी ने गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह की न्यायिक हिरासत 30 जून तक बढ़ाने का अनुरोध किया. कोर्ट इस पर फैसला सुरक्षित रखे हुए है.

क्या है पूरा मामला?

गौरतलब है कि 12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, जबकि मायके पक्ष ने पति समर्थ सिंह और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है. इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच फिलहाल सीबीआई कर रही है, और गिरिबाला सिंह तथा समर्थ सिंह मुख्य आरोपी के तौर पर न्यायिक हिरासत में हैं. सुनवाई के दौरान ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा और भाई मेजर हर्षित शर्मा भी कोर्ट में मौजूद रहे.  

ये भी पढ़ें: Monsoon 2026: MP-छत्तीसगढ़ के दहलीज पर ठहरा मानसून, मौसम विभाग ने बताया कब होगी एंट्री

ये भी पढ़ें: ट्विशा शर्मा केस: गिरिबाला का कोर्ट से जेल तक ड्रामा; CBI की सख्ती पर कैसे झुकी पूर्व जज, NDTV इनसाइड स्टोरी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Twisha Sharma, MP News, Bhopal News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com