Twisha Sharma Case Bhopal: भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा केस की जांच करने के पहले ही दिन CBI के सामने स्थानीय पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सीबीआई के आला अधिकारियों ने जब आरोपी समर्थ के केस से जुड़ी डायरी देखी, तो वे उसके रख-रखाव को लेकर बुरी तरह भड़क गए . केस डायरी पूरी तरह से अव्यवस्थित है और उसमें घटनाओं का क्रम (सीक्वेंस) सही नहीं है . इसके अलावा केस डायरी में कई अहम बातों का उल्लेख भी नहीं है. इस पर केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों की सख्त नाराजगी के बाद अब एसआईटी (SIT) टीम पूरी डायरी को नए सिरे से दुरुस्त करने में जुट गई है .
360 पन्नों की डायरी में कई अहम बातों का उल्लेख नहीं
बताया जा रहा है कि आरोपी समर्थ की यह केस डायरी 360 पन्नों से भी ज्यादा बड़ी है . स्थानीय अधिकारियों ने इसे बेहद अव्यवस्थित तरीके से सीबीआई के सामने पेश कर दिया था, जिस पर अधिकारियों ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है .
कस्टडी लेने थाने नहीं पहुंची सीबीआई, कोर्ट पेशी पर संशय
केस डायरी व्यवस्थित न होने का सीधा असर अब पूरी कानूनी प्रक्रिया पर पड़ता दिख रहा है . कागजात और डायरी का सीक्वेंस दुरुस्त न होने के कारण ही सीबीआई की टीम अभी तक आरोपी समर्थ के पास थाने नहीं पहुंची है . प्रशासनिक और कानूनी गलियारों से आ रही खबरों के मुताबिक, इन तकनीकी कमियों के चलते यह पूरी संभावना है कि आरोपी समर्थ को मंगलवार को कोर्ट में पेश नहीं किया जाएगा .
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार से मिले सीबीआई अधिकारी
मामले की गंभीरता और लोकल पुलिस की इस ढीली कार्यप्रणाली को लेकर सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारियों ने सीधे पुलिस कमिश्नर संजय कुमार से मुलाकात की है . इस मुलाकात के दौरान सीबीआई ने केस डायरी की अव्यवस्था और जांच से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अपनी सख्त नाराजगी से कमिश्नर को अवगत कराया है . सीबीआई की इस फटकार के बाद अब एसआईटी चीफ खुद एक्टिव हो गए हैं और उनके निर्देशन में पूरी केस डायरी को दोबारा व्यवस्थित और क्रमवार करने का काम तेजी से किया जा रहा है, ताकि इसे जल्द से जल्द केंद्रीय टीम को सौंपा जा सके .
ये भी पढ़ें: ट्विशा ने अबॉर्शन अपनी मर्जी से कराया था या उसपर दबाव डाला गया, समर्थ ने पुलिस को क्या बताया?
ये भी पढ़ें: Twisha Sharma Case: विदाई के वक्त सास गिरिबाला सिंह ने मांगे थे 2 लाख रुपये... ट्विशा शर्मा केस में CBI की FIR में खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं