विज्ञापन

पुलिस अफसर के पैर में गिरकर रोने लगा अन्नदाता, SP ने गले लगाकर समझाया; भावुक कर देगा VIDEO

नर्मदापुरम में 100 प्रतिशत मूंग खरीदी की मांग को लेकर भोपाल कूच कर रहे किसानों के आंदोलन के दौरान भावुक कर देने वाला दृश्य सामने आया. एक किसान रोते हुए एसपी साईं कृष्ण थोटा के पैरों में गिर पड़ा, जिसके बाद एसपी ने उसे गले लगाकर ढांढस बंधाया.

  • किसानों ने MP में मूंग की 100 प्रतिशत खरीदी सुनिश्चित करने की मांग को लेकर भोपाल के लिए पैदल मार्च शुरू किया.
  • संयुक्त किसान मोर्चा के तहत करीब 2000 किसान सेठानी घाट से मुख्यमंत्री निवास तक मार्च की तैयारी में थे.
  • किसान नेता लीलाधर राजपूत को पुलिस ने नजरबंद किया जिससे किसानों ने सेठानी घाट पर धरना देकर विरोध जताया.

एमपी के नर्मदापुरम में 100 प्रतिशत मूंग खरीदी की मांग को लेकर भोपाल के लिए निकले किसानों के आंदोलन के दौरान एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया. संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले बड़ी संख्या में किसान अपनी मांगों को लेकर भोपाल कूच कर रहे थे. इसी दौरान एक किसान अपनी परेशानी और मांगों को लेकर इतना भावुक हो गया कि वह रोते हुए पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण थोटा के पैरों में गिर पड़ा. किसान की स्थिति देखकर SP ने उसे तुरंत उठाया, गले लगाया और शांत रहने की समझाइश दी.  

सेठानी घाट पर किसानों का धरना

दरअसल, सोमवार को संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसान सेठानी घाट पर एकत्र हुए. किसान नर्मदा पूजन के बाद मुख्यमंत्री निवास तक पैदल मार्च निकालने की तैयारी कर रहे थे. आंदोलन में करीब दो हजार किसानों के शामिल होने का अनुमान लगाया था, जबकि सुबह से ही सैकड़ों किसान मौके पर पहुंच गए. किसानों की मुख्य मांग प्रदेश में मूंग की 100 प्रतिशत खरीदी सुनिश्चित करने की.

किसान नेता को नजरबंद किए जाने पर बढ़ा विरोध

आंदोलन के बीच किसान नेता लीलाधर राजपूत को पुलिस द्वारा नजरबंद किए जाने की खबर सामने आई. इसके विरोध में किसानों ने सेठानी घाट पर धरना शुरू कर दिया. किसानों का कहना था कि जब तक उनके नेता को रिहा नहीं किया जाएगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. आंदोलनकारियों ने जरूरत पड़ने पर जल सत्याग्रह करने की चेतावनी भी दी.

भारी पुलिस व्यवस्था के बीच भोपाल कूच

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने नर्मदापुरम से बुधनी मार्ग तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए. जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई और भारी पुलिस बल तैनात किया. प्रशासन की कोशिश थी कि आंदोलन शांतिपूर्ण बना रहे और किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने. हालांकि किसानों ने बैरिकेडिंग पार करते हुए भोपाल की ओर पैदल यात्रा जारी रखी.

भावुक किसान को SP ने लगाया गले

प्रदर्शन के दौरान एक किसान अपनी मांगों को लेकर भावुक हो गया. वह रोते हुए पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण थोटा के पास पहुंचा और उनके पैरों में गिर पड़ा. यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग भी भावुक हो गए. SP ने तुरंत किसान को उठाया, उसे गले लगाया और उसकी बात सुनी. कुछ पल के लिए आंदोलन का माहौल भावनात्मक हो गया और किसान की बेबसी सबके सामने दिखाई दी.

100 प्रतिशत मूंग खरीदी की मांग पर अड़े किसान

किसानों का कहना है कि उनकी मेहनत से तैयार हुई मूंग की पूरी फसल सरकार खरीदे. इसी मांग को लेकर वे भोपाल तक पैदल मार्च कर रहे हैं. किसानों का दावा है कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और वे केवल अपनी मांग मुख्यमंत्री तक पहुंचाना चाहते हैं. वहीं आंदोलन के दौरान सामने आया यह भावुक दृश्य अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से चर्चा में है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Narmadapuram News, Moong Crop, Farmer Viral Video, Madhya Pradesh Farmers, Farmer Protest News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com