- डिंडोरी कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान दिव्यांग व्यक्ति न्याय की मांग करता हुआ घिसटते हुए पहुंचा
- पीड़ित उमेश ने बताया कि जमीनी विवाद में चाचा ने धोखे से जमीन अपने नाम करवा ली है
- उमेश ने कई बार जनसुनवाई में अपनी समस्या बताई लेकिन अब तक समाधान नहीं मिला
मध्य प्रदेश के डिंडोरी से एक मार्मिक तस्वीर सामने आई है. यहां कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जमीनी विवाद से परेशान एक पीड़ित घिसटते हुए पहुंचा. उसे इस हालत में देख कई लोगों को हैरानी भी हुई. पीड़ित का आरोप है कि राजस्व विभाग की लापरवाही के चलते उसे लंबे समय से न्याय नहीं मिल पा रहा है. उसका कहना है कि वह पहले भी कई बार न्याय मांगने आ चुका है पर कोई समाधान नहीं हुआ.
क्या है पूरी कहानी?
अब आपको घटना की पूरी जानकारी देते हैं. डिंडोरी के कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई का आयोजन था. आसपास के कई लोग पीड़ित की भूमिका में न्याय की गुहार लगाने पहुंचे थे. इस बीच शारीरिक रूप से कमजोर एक शख्स को घिसटते हुए न्याय मांगने आया देख कई हैरत में पड़ गए. उसने बताया कि उसका जमीनी विवाद चल रहा है और उसे अब तक न्याय नहीं मिला है. पीड़ित का आरोप है कि राजस्व विभाग की लापरवाही के चलते उसे लंबे समय से न्याय नहीं मिल पा रहा है.वह पहले भी कई बार जनसुनवाई में आ चुका है,लेकिन अब तक उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ.अफसरों के सामने पीड़ित ने रो-रोकर अपनी व्यथा सुनाई.मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पंचायत के सीईओ ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है.
मध्य प्रदेश के डिण्डौरी कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आज एक मार्मिक तस्वीर सामने आई. जमीन विवाद से परेशान एक पीड़ित घिसटते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचा और न्याय की गुहार लगाई.#MPNews pic.twitter.com/fmHtNHerpb
— NDTV India (@ndtvindia) February 18, 2026
पीड़ित को न्याय का भरोसा
शिकायतकर्ता उमेश ने अपनी आप-बीती सुनाते हुए बताया कि मेरा मेरे चाचा के साथ जमीनी विवाद चल रहा है,कोर्ट और तहसील हर जगह चल रहा है. चाचा ने धोखे से वो जमीन अपने नाम करा ली है.मेरी आर्थिक स्थिति को देखते हुए मेरे चाचा मुझे परेशान करते हैं. पीड़ित उमेश ने कहा कि मैं कई बार आ चुका हूं और आज मैं इसलिए आया था जिससे मेरे ये विवाद का निराकरण किया जाए और अगर मैं गलत हूं तो मुझे सजा दें अन्यथा अधिकारी और आवेदक गलत हों तो उन्हें भी सजा दी जाए. पीड़ित ने यह भी कहा कि मेरी समस्या का जबतक निराकरण नहीं होता,मैं नहीं जाउंगा.
डिंडोरी से विजय तिवारी की रिपोर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं