- मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
- कुछ दिनों तक मध्य प्रदेश के लगभग 90 प्रतिशत हिस्से में हल्की से मध्यम बारिश का दौर बना रहने की संभावना है.
- मानसून सीजन में मध्य प्रदेश में अब तक बारिश सामान्य से लगभग 16 प्रतिशत कम दर्ज की गई है.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है. मौसम विभाग ने दोनों राज्यों के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. अगले कुछ दिनों तक तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. कई इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. वहीं, मध्य प्रदेश में जहां बारिश का आंकड़ा अब भी सामान्य से कम है.
MP और CG के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मध्य प्रदेश के उज्जैन, सागर, रायसेन, रतलाम समेत कई जिलों में तेज हवा और बारिश की चेतावनी दी गई है. वहीं छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर सहित कई क्षेत्रों में भी मौसम खराब रहने की संभावना जताई है.
मध्य प्रदेश के 90 फीसदी हिस्से में बारिश के संकेत
मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के मुताबिक, मध्य प्रदेश के लगभग 90 प्रतिशत हिस्से में 23-25 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर बना रह सकता है. इस दौरान 4 से 5 जिलों में भारी बारिश भी दर्ज की जा सकती है. बारिश का यह दौर किसानों के लिए राहत लेकर आ सकता है, क्योंकि प्रदेश के कई हिस्सों में अब तक सामान्य से कम वर्षा हुई है. मौसम विभाग का मानना है कि सक्रिय मानसूनी सिस्टम के कारण बारिश की गतिविधियां आने वाले दिनों में और बढ़ सकती हैं.
प्रदेश में अब तक 16 प्रतिशत कम बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल के अनुसार, इस मानसून सीजन में मध्य प्रदेश में अब तक औसतन 10.5 इंच बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य तौर पर इस अवधि तक करीब 13 इंच बारिश हो जानी चाहिए थी. आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में अब तक 261.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य 311.8 मिमी बारिश की तुलना में 16 प्रतिशत कम है. पूर्वी मध्य प्रदेश के जिलों में बारिश की कमी और ज्यादा है, जहां सामान्य से 23 प्रतिशत कम पानी गिरा है.
उत्तर छत्तीसगढ़ में एक सप्ताह तक भारी बारिश का अलर्ट
छत्तीसगढ़ में भी मानसून सक्रिय बना हुआ है. मौसम विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले एक सप्ताह तक भारी बारिश की संभावना जताई है. मंगलवार को रायपुर में हुई तेज बारिश ने भी मौसम के तेवर का संकेत दे दिया है. विशेषज्ञों के मुताबिक, लगातार सक्रिय हो रहे मानसूनी सिस्टम का असर आने वाले दिनों में पूरे प्रदेश में देखने को मिल सकता है.
अगले तीन दिन कैसा रहेगा छत्तीसगढ़ का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी. कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की भी संभावना है. इसके अलावा गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है. रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं