MP CG Budget Session 2026: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बजट सत्र चल रहा है, जिसमें बजट 2026 के प्रावधानों के साथ-साथ कांग्रेस के दो MLA सुर्खियों में हैं. एक को विधानसभा में आते ही भाजपा नेताओं ने गले लगा लिया, जबकि दूसरे ने इस्तीफा देने के बाद भाजपा में जाने की चर्चाओं पर चुप्पी तोड़ी है. हम बात कर रहे हैं मध्य प्रदेश में कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे (Hemant Katare) और छत्तीसगढ़ में पूर्व मंत्री व विधायक कवासी लखमा (Kawasi Lakhma) की.
हेमंत कटारे और कवासी लखमा का मामला
मध्य प्रदेश के भिंड जिले में अटेर विधायक हेमंत कटारे, जो विपक्ष के उपनेता भी हैं, ने 20 फरवरी को अपने पद से इस्तीफा दे दिया. इसके बाद चर्चा शुरू हो गई कि वे अब बीजेपी में शामिल हो सकते हैं.
वहीं, कवासी लखमा छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले की कोंटा सीट से विधायक हैं. शराब घोटाले से जुड़े मामले में लखमा 4 फरवरी 2026 को रायपुर सेंट्रल जेल से रिहा हुए. उन्हें इस शर्त पर जमानत मिली कि वे कोर्ट के आगामी आदेशों तक छत्तीसगढ़ में नहीं रह सकते. जमानत मिलने के बाद लखमा पड़ोसी राज्य ओडिशा के मलकानगिरी में रहे हैं.
हेमंत कटारे बोले-बीजेपी में जाने का सवाल ही नहीं
उपनेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद हेमंत कटारे ने NDTV से बातचीत में सोमवार को कहा कि उन्होंने पारिवारिक कारणों से इस्तीफा दिया. इंदौर के भागीरथपुरा दूषित जल कांड पर चर्चा की तैयारी के कारण परिवार के शादी समारोह में भी शामिल नहीं हो पाए.
बीजेपी में शामिल होने की अटकलों पर कटारे ने कहा कि "नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंहार से मेरा किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं है. वे मेरे बड़े भाई हैं. राजनीति में जब से मेरी एंट्री हुई है, तब से लेकर आज तक बीजेपी में जाने का कभी विचार नहीं किया. इस्तीफे पर पार्टी जो निर्णय लेगी, मैं उसे स्वीकार करूंगा. अभी तक मेरा इस्तीफा स्वीकार होने की जानकारी नहीं है."
कवासी लखमा को किसने लगाया गले?
छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू हुआ है, और 24 फरवरी को बजट पेश किया जाएगा. बजट सत्र के पहले दिन कांग्रेस के दिग्गज नेता और छह बार के विधायक कवासी लखमा भी विधानसभा पहुंचे. लखमा अदालत से विशेष अनुमति लेकर बजट सत्र में शामिल हो रहे हैं. विधानसभा पहुंचने पर उन्हें भाजपा नेताओं अजय चंद्राकर, रामविचार नेताम और धर्मजीत सिंह ने गले लगाकर स्वागत किया. अजय चंद्राकर ने तो उनकी पीठ भी थप-थपाई.
MP-CG बजट सत्र 2026
मध्य प्रदेश की 16वीं विधानसभा का बजट सत्र 16 फरवरी से शुरू हुआ, जो 6 मार्च 2026 तक चलेगा. वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 4,38,317 करोड़ रुपये का बजट पेश किया. वहीं, छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होकर 20 मार्च 2026 तक चलेगा. वित्त मंत्री ओपी चौधरी 24 फरवरी को बजट पेश करेंगे.
Kawasi Lakhma: 2 बार बेस्ट सरपंच, 1998 से लगातार MLA, अब जेल से बाहर आकर क्यों छोड़ना पड़ेगा छत्तीसगढ़?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं