मध्य प्रदेश में मानसून ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है. प्रदेश के कई जिलों में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है, जिससे नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अगले तीन दिनों के लिए कड़ा अलर्ट जारी किया है. खास तौर पर भिंड जिले में हालात ज्यादा चिंताजनक हैं, जिसे लेकर मौसम विभाग ने रेड अलर्ट घोषित किया है.
प्रदेश में अब तक कोटे से 10 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की जा चुकी है. लगातार हो रही इस बारिश के कारण कई जिलों में मुख्य रास्ते बंद हो गए हैं, पुल-पुलिया पानी में डूब चुकी हैं और आम जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो चुका है.
उत्तरी मध्य प्रदेश में आफत की बारिश: इन जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट'
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश का उत्तरी हिस्सा पूरी तरह तरबतर रहेगा. भारी तबाही की आशंका को देखते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इनमें मुरैना, ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, राजगढ़, आगर-मालवा और रतलाम जिले शामिल हैं.
ऑरेंज अलर्ट के अलावा प्रदेश के एक बड़े हिस्से में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. मौसम विभाग ने इन नीमच, उज्जैन, शाजापुर, श्योपुर, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सागर, दमोह, छतरपुर और पन्ना जिले में इसकी संभावना जताई है.
इसके अलावा राजधानी भोपाल समेत महाकौशल और निमाड़ अंचल के कई हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर जारी रहेगा.
यहां बारिश का अनुमान
भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़ में हल्की बारिश देखने को मिलेगी. इंदौर, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, देवास जिले भी शामिल हैं. इसके अलावा नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा और सतना भी हल्की बारिश वाले जिले रहेंगे.
ये भी पढ़ें- ग्वालियर में दो बच्चो को कुत्तों ने काटा, शरीर पर आए गहरे जख्म; एक दिन में पहुंचे डॉग बाइट के 99 शिकार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं