Why is MLA Arif Masood Targeting Saba Sultan Over Mecca-Medina Rubats: सऊदी अरब में स्थित मक्का और मदीना में भोपाल रियासत की धर्मशालाओं (रुबात) को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है. कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने इस मामले में अभिनेता सैफ अली खान की बहन सबा सुल्तान और सिकंदर हाफिज पर गंभीर आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराने की चेतावनी दी है. वहीं, वक्फ बोर्ड मामले की जांच करवाने की बात कह रहा है.
दरअसल, बुधवार 29 अप्रैल को आरिफ मसूद ने वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल से मुलाकात की. इसके बाद उन्होंने कहा कि मक्का-मदीना में भोपाल, रायसेन और सीहोर के हाजियों के लिए नवाबों द्वारा रुबात (धर्मशालाओं) बनवाए गए थे, जहां हाजी निःशुल्क ठहरते थे. लेकिन, पिछले तीन साल से हाजियों को इन धर्मशालाओं में रुकने में परेशानी हो रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों की लापरवाही और गलत फैसलों के कारण यह व्यवस्था ठप हो गई है, जिसका सीधा असर भोपाल के हाजियों पर पड़ रहा है.
सबा सुल्तान और सिकंदर हाफिज पर FIR कराएंगे
कांग्रेस विधायक मसूद ने कहा- कि इस मुद्दे पर पहले भी बैठक हुई थी, जिसमें रुबात को दोबारा शुरू करने पर सहमति बनी थी, लेकिन अब तक इसे लेकर कोई ठोस फैसला नहीं हो पाया है. उन्होंने आरोप लगाया कि वक्फ की जमीन और संपत्तियों में गड़बड़ी कर कुछ लोगों को फायदा पहुंचाया गया है, उनके पास इसके सबूत हैं. अगर, वक्फ बोर्ड कार्रवाई नहीं करता है तो वे सबा सुल्तान और सिकंदर हाफिज के खिलाफ FIR दर्ज कराएंगे.
सऊदी की अदालत में लंबित है मामला
वहीं, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने साफ कहा कि पहले पूरे मामले की जांच कराई जाएगी. उन्होंने कहा कि मदीना की रुबात का मामला फिलहाल सऊदी अरब की अदालत में लंबित है, जहां कुछ लोगों ने खुद को मुतवल्ली बताया है, जबकि वक्फ बोर्ड की ओर से सबा सुल्तान को मुतवल्ली नियुक्त किया गया है. अदालत में विवाद के चलते फिलहाल इन रुबात का रखरखाव सऊदी वक्फ प्रबंधन कर रहा है.
नोटिस जारी किए गए हैं
पटेल ने बताया कि मक्का में भी कुछ प्रशासनिक और प्रक्रिया संबंधी दिक्कतें सामने आई हैं, जिनके समाधान के लिए नोटिस जारी किए गए हैं.उन्होंने कहा कि संबंधित पक्ष यदि दस्तावेज के साथ शिकायत करते हैं तो वक्फ बोर्ड पूरे मामले की विधिवत जांच कराएगा और समाधान निकालने की कोशिश करेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं