केरलम विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे तो 4 मई को आएंगे, लेकिन जैसे-जैसे तारीख नजदीक आ रही है, इस बात को लेकर चर्चा तेज हो रही है कि मुख्यमंत्री की कुर्सी पर इस बार कौन बैठेगा. Axis My India के बुधवार को सामने आए एग्जिट पोल में इसे लेकर जनता की राय पेश की गई. इसके मुताबिक, केरल के सबसे ज्यादा लोग मौजूदा मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को ही फिर से सीएम की कुर्सी पर देखना चाहते हैं. उनके बाद यूडीएफ के वी.डी. सतीशन जनता की दूसरी सबसे बड़ी पसंद बनकर उभरे हैं. एग्जिट पोल में मुख्यमंत्री पद के लिए जनता की अन्य संभावित पसंद भी बताई गई है.
केरलम के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन इस बार हैट्रिक बनाने के इरादे से चुनावी मैदान में उतरे हैं. अगर एलडीएफ जीतती है और पिनराई फिर से सीएम बनते हैं तो यह केरल के संसदीय इतिहास में पहला मौका होगा. इससे पहले केरल में कोई भी नेता लगातार तीन बार सीएम नहीं बन पाया है. एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल सर्वे की मानें तो 33 फीसदी लोग पिनराई विजयन को फिर से मुख्यमंत्री की कुर्सी पर देखना चाहते हैं.
#ExitPollOnNDTV: एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल में मौजूदा CM हैं लोगों की पहली पसंद pic.twitter.com/APCbaFVL7v
— NDTV India (@ndtvindia) April 29, 2026
एग्जिट पोल में दावा किया गया है कि केरल के 21 फीसदी लोग चाहते हैं कि इस बार यूडीएफ के नेता वी.डी. सतीशन मुख्यमंत्री की गद्दी पर बैठें. सतीशन ने विधानसभा में विपक्ष के नेता के रूप में पिछले कुछ समय में अपनी मजबूत पकड़ बनाई है. सर्वे के मुताबिक, वह मुख्यमंत्री पद के लिए कांग्रेस की ओर से सबसे पसंदीदा चेहरा बनकर उभरे हैं.
एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल सर्वे में 11 फीसदी लोगों का कहना था कि वो यूडीएफ से अगला मुख्यमंत्री चाहते हैं, भले ही किसी भी चेहरे को सीएम बनाया जाए. इसी तरह 9 फीसदी केरलवासियों की राय है कि अगला मुख्यमंत्री एनडीए से होना चाहिए, भले ही वो कोई भी नेता हो.
एग्जिट पोल सर्वे में 8 फीसदी लोगों ने पूर्व गृह मंत्री और विपक्ष के पूर्व नेता रमेश चेन्निथला को अगला सीएम बनाने के लिए अपनी राय दी. इसी तरह एनडीए से राजीव चंद्रशेकर (4 पर्सेंट), कांग्रेस के केसी वेणुगोपाल (3 पर्सेंट) भी लोगों की पसंद हैं. सर्वे में 2 पर्सेंट लोग पूर्व स्वास्थ्य मंत्री के.के शैलजा को और 1 पर्सेंट केरलवासी शशि थरूर को सीएम की कुर्सी पर देखना चाहते हैं.
देखें- EXIT POLL: केरल के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में UDF को सबसे ज्यादा वोट, NDA को भी फायदा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं