Mauganj Hindi News: मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में एक डॉक्टर महिला को फंसाकर कई महीनों से शारीरिक संबंध बनाता आ रहा था. बीमार होकर इलाज कराने पहुंची युवती को क्लिनिक में ही फंसा लिया. उसके साथ झूठी शादी भी कर ली, जो खुद शादीशुदा था और तीन बच्चों का पिता था. आरोपी ने अपनी चाची के घर पर ही युवती की मांग में सिंदूर भरा था. फिर किराये का कमरा लेकर उसके साथ रहने लगा था. पुलिस ने आरोपी को प्रयागराज से धर दबोचा है.
यह था पूरा मामला
नईगढ़ी थाना में पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई कि जनवरी 2025 में दवा करने डॉ अरविंद के क्लीनिक में दवा करने गई थी, तब युवती की जान पहचान अरविंद से हो गई. यही जान पहचान मुलाकात में बदल गई. मार्च 2025 में डॉ अरविंद ने पीड़िता को अपनी चाची के घर महोबा गांव बुलाया था. उसी घर में चाची और उसकी लड़की की मौजूदगी में आरोपी अरविंद ने मांग में सिंदूर और गले में माला डालकर पीड़िता से शादी कर ली.
अरविंद ने भरोसा दिया कि वह महोबा में ही कहीं किराये पर कमरा लेकर साथ में रखेगा. आरोप है कि जून 2025 से जनवरी 2026 तक आरोपी डॉ अरविंद ने पीड़िता के साथ कई बार शारीरिक संबंध भी बनाए. फरवरी 2026 में पीड़िता का अचानक फिर से स्वास्थ्य खराब हो गया और वह अपने गांव लौट आई. तब से आरोपी ने पीड़िता से संपर्क बंद कर नंबर ब्लॉक कर दिया.
आरोपी तक जा पहुंची पीड़िता
उसके बाद आरोपी अरविंद अपने दोनों क्लिनिक बंद कर गायब हो गया. पीड़िता आरोपी का पता करते हुए गौण तक जा पहुंची, जहां उसे होश उड़ाने देने वाली सच्चाई पता चली.
दरअसल, आरोपी डॉ अरविंद पहले से ही शादीशुदा था और उसके तीन बच्चे भी हैं. इसके बाद पीड़िता ने नईगढ़ी थाने में मामला दर्ज कराया. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए जांच शुरू कर दी. पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर यूपी के प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया.
ये भी पढ़ें- पता चल गया कब आएगा एमपी बोर्ड के 10वीं-12वीं का रिजल्ट, एक-दो विषयों में फेल होने वालों को मिलेगा दूसरा मौका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं