Madhya Pradesh Hindi News: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में ठीकरी वन परिक्षेत्र में मादा तेंदुए दो शावकों के साथ दिखीं, जिससे किसानों में हड़कंप मच गया. हालांकि सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और तलाशी शुरू कर दी है. यह मामला बड़वानी जिले में ठीकरी वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम अभाली का है.
2 शावकों के साथ खेत में दिखी मादा लेपर्ड
जानकारी के मुताबिक, बड़वानी के ग्राम अभाली में मादा तेंदुआ शावकों संग मक्का के खेत में पहुंच गई. जिसे देख किसानों में हड़कंप मच गया. किसान की सूचना पर वन कर्मी मौके पर पहुंचे और कांबिंग शुरू कर दी. वहीं नहर किनारे खेत में अब तेंदुए को पकड़े के लिए पिंजरा लगाने की बात बताई जा रही है.
किसान ने खेत में देखा था
अभाली निवासी किसान गंगाराम ने बताया कि उनका खेत घटवां रोड नहर किनारे स्थित है, जहां मक्का बोई हुई है. यहां शुक्रवार से एक मादा तेंदुआ अपने 2 शावकों के साथ मौजूद हैं. जिसका वीडियो-फोटो भी है. उन्होंने बताया कि मादा तेंदुआ और शावकों की खेत में मौजूदगी की सूचना पर ठीकरी और अन्य जगहों से वन विभाग अधिकारी पहुंचे, जिन्होंने पंचनामा बनाया है. पिंजरा लगाने के लिए बोला गया है. उन्होंने बताया कि तेंदुए और शावकों की खेत में मौजूदगी के कारण मजदूर उनके खेत और आसपास के खेतों में जाने से डर रहे हैं.
वन विभाग ने जारी किया अलर्ट
किसान ने पिंजरा लगाकर मादा तेंदुआ और शावकों को रेस्क्यू करने की मांग कि है. वहीं वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी. अधिकारियों ने कहा कि जब तक माता तेंदुए का खतरा टल नहीं जाता, तब तक अपने खेतों के करीब जाने से बचे.
ये भी पढ़ें: बिना कोचिंग के UPSC में सफलता, सागर की सोफिया सिद्दीकी ने हासिल की 253वीं रैंक, रोजाना 8-10 घंटे करती थी पढ़ाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं