विज्ञापन

भाई पर कमेंट का बदला: इंदौर में जेठानी ने देवरानी की हत्‍या की, शव छिपाया; फ‍िर पति से मिलने अस्‍पताल गई

इंदौर में रक्षाबंधन के दिन जेठानी ने गले में चाकू घोंपकर देवरानी की हत्‍या कर दी. देवरानी की गलती सिर्फ इतनी थी कि उसने जेल में बंद जेठानी के भाई पर एक कमेंट किया था. अब पुलिस ने मामले का खुलासा कर द‍िया है. 

भाई पर कमेंट का बदला: इंदौर में जेठानी ने देवरानी की हत्‍या की, शव छिपाया; फ‍िर पति से मिलने अस्‍पताल गई

इंदौर के राऊ क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज हत्या का खुलासा पुलिस ने किया है. रक्षाबंधन के दिन देवरानी ने जेठानी के भाई को लेकर एक कमेंट कर दिया, जिसके बाद विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. 

आरोप है कि जेठानी ने अपनी ही देवरानी की गर्दन पर चाकू से दो वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को घर के बाहर बने पानी के हौज में फेंक दिया. हत्या के बाद आरोपी महिला अस्पताल में भर्ती अपने पति को देखने भी पहुंच गई. पुलिस ने मामले का खुलासा कर आरोपी पार्वती बाई कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया है. 

मृतका वंदना और उपेंद्र ने लव मैरिज की थी.

मृतका वंदना और उपेंद्र ने लव मैरिज की थी. Photo Credit: Bharat patil

परिवार से अलग किराए पर रहते थे पति-पत्‍नी

दरअसल, मामला इंदौर के राऊ थाना क्षेत्र स्थित नेहरू नगर का है. पुलिस का कहना है कि वंदना की हत्या उसी की जेठानी पार्वती बाई कुशवाह ने की है. पुलिस के अनुसार, वंदना और उपेंद्र ने लव मैरिज की थी. परिवार इस रिश्ते से खुश नहीं था, वंदना की कथित नशे की आदत को लेकर भी नाराजगी थी.

परिवार के नाराज होने के चलते उपेंद्र नेहरू नगर छोड़कर राजनगर में किराए का मकान लेकर अपनी पत्‍नी के साथ रहने लगा था. वंदना के अचानक गायब होने पर उपेंद्र ने चंदन नगर थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी. 

जेल में बंद भाई पर किया था कमेंट 

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पार्वती का भाई दमोह जेल में दुष्कर्म के मामले में बंद है. आरोप है कि राखी के दिन वंदना ने पार्वती के भाई को लेकर तंज कस दिया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई और विवाद बढ़ता चला गया.

घर में अकेली थीं देवरानी-जेठनी 

घटना के वक्त पार्वती के बच्चे स्कूल गए हुए थे, जबकि उसका पति और देवर अस्पताल में भर्ती थे. घर में केवल पार्वती और वंदना मौजूद थीं. इसी दौरान विवाद इतना बढ़ा कि पार्वती ने चाकू से वंदना की गर्दन पर दो वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

आरोपी जेठानी पार्वती बाई कुशवाह अपने पति के साथ.

आरोपी जेठानी पार्वती बाई कुशवाह अपने पति के साथ.Photo Credit: Bharat patil

खींचकर हौज में फेंका शव  

हत्या के बाद आरोपी पार्वती ने वंदना के शव को खींचकर घर के बाहर बने पानी के हौज तक पहुंचाया और उसमें फेंक दिया. वारदात के बाद आरोपी जेठानी ने सामान्य बर्ताव किया. वह घर से निकलकर अस्‍पताल में भर्ती पति से मिलने के लिए पहुंची.  

सीसीटीवी में दिखीं संदिग्ध गतिविधियां 

इधर, मामले की जांच कर रही पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. इस दौरान पुलिस को पार्वती की गतिविधियां संदिग्ध लगीं. उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, लेकिन शुरुआत में वह टीम को गुमराह करती रही. इसके बाद पुलिस ने उसके सामने कुछ सबूत रखे, तो वह टूट गई और अपना जुर्म कबूल कर लिया. 

वारदात से परिवार वाले भी हैरान 

पुलिस ने आरोपी पार्वती बाई कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं मृतका वंदना के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है. पार्वती की इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने से परिवार वाले भी हैरान हैं. वह इस बात पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com