- विधायक पन्नालाल शाक्य ने कहा- रामायण-महाभारत में महिलाएं बनीं मौत का कारण.
- महिला विधायक प्रियंका पेंची ने मंच से ही बयान पर जताई आपत्ति.
- विधायक के बयान के बाद सियासी पारा चढ़ा.
मध्य प्रदेश के गुना के भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य के महिलाओं को लेकर दिए बयान पर हंगामा मच गया है. कार्यक्रम के दौरान बज रहे देशभक्ति गीत का जिक्र करते विधायक ने हुए कहा कि केवल ‘जान देने' की बात करने के बजाय ऐसी मानसिकता पर विचार करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि देश और समाज के सामने खड़ी परिस्थितियों को समझने की आवश्यकता है. इसके बाद उनका संबोधन अचानक धार्मिक और ऐतिहासिक उदाहरणों की ओर मुड़ गया.
रामायण से महाभारत तक महिलाओं को लेकर दिए उदाहरण
विधायक शाक्य ने रामायण का उदाहरण देते हुए कहा कि रावण द्वारा सीता का हरण किए जाने के बाद हुए युद्ध में सर्वनाश पुरुषों का हुआ. उन्होंने कहा कि रावण को उसके भाई सहित कई लोगों ने समझाया था कि पराई स्त्री को लाना विनाश का कारण बनेगा. इसी तरह उन्होंने महाभारत का उल्लेख करते हुए कहा कि एक महिला यानी पांचाली के कारण करोड़ों पुरुष मारे गए. इसके बाद विधायक ने पृथ्वीराज चौहान और संयोगिता का भी उदाहरण दिया. उन्होंने कहा कि संयोगिता के प्रसंग में पृथ्वीराज चौहान के कई सामंतों के मारे जाने की बात सामने आती है.

मंच पर पन्नालाल शाक्य ने दिया महिलाओं को लेकर बयान.
विधायक का तर्क था कि इतिहास के इन प्रसंगों को समझने की जरूरत है और युद्धों में बड़ी संख्या में पुरुषों की जान गई.
विधायक के साथ चांचौड़ा की भाजपा विधायक प्रियंका पैंची भी मौजूद थीं. उन्होंने पन्नालाल के बयान पर आपत्ति जताई. तब मंच अचानक सियासी अखाड़े में बदल गया. दोनों विधायक नानाखेड़ी मंडी परिसर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव-2026 के कार्यक्रम में मौजूद थे. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी वर्चुअली जुड़े थे. मंच से संबोधन के दौरान गुना विधायक पन्नालाल शाक्य किसानों और खेती से जुड़े विषयों पर अपनी बात रख रहे थे.
प्रियंका पेंची ने बयान को बताया महिला विरोधी
उसी दौरान विधायक ने महिलाओं से जुड़ा बयान दे दिया, जिस पर प्रियंका पैंची ने आपत्ति जता दी और विधायक पन्नालाल के बयान को महिला विरोधी बताया. इस पर दोनों विधायकों के बीच मंच पर ही तीखी नोकझोंक की स्थिति बन गई. विधायक शाक्य ने जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने बहुत सारी किताबें पढ़ी हैं और उन्हें पता है कि कहां क्या हुआ है. इसके बाद उन्होंने चांचौड़ा विधायक से बैठने के लिए कहा. मंच पर हुए इस घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है.
ये भी पढ़ें- सुप्रीया श्रीनेत और नेहा सिंह राठौर के खिलाफ FIR, BJP विधायक का पुराना वीडियो स्वतंत्रता दिवस पर किया था शेयर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं