नेपाल में आई भीषण बाढ़ ने हजारों परिवारों को तबाह कर दिया है. बाढ़ के असर के सिर्फ नेपाल ही नहीं भारतीय परिवार भी प्रभावित हुए हैं. इनमें एक परिवार मध्य प्रदेश के विदिशा जिले का रहने वाला है. जहां के वरिष्ठ डॉक्टर केसी बागरेचा की बेटी स्वाती बागरेचा कैलाश मानसरोवर यात्रा से लापता हो गई हैं.

नेपाल में ली गई डॉक्टर मीना गुप्ता की तस्वीर.
एनएचडीसी के जीएम की बहन भी लापता
इसी तरह भोपाल के एनएचडीसी के जीएम फाइनेंस संजीव गुप्ता की बहन डॉक्टर मीना गुप्ता भी लापता हैं. वे जग्गी ईशा फाउंडेशन एस 3 जत्थे में शामिल थीं. रक्षाबंधन पर पूरा परिवार दिल्ली में जुटने वाला था, लेकिन नेपाल में आई बाढ़ ने सब कुछ तबाह कर दिया. नेपाल की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर पर भी कोई रिस्पॉन्स नहीं मिल रहा है, इससे परिवार परेशान है.
कनाडा में रहने वाली स्वाती भारत आईं थी
केसी बागरेचा के परिवार से मिली जानकारी के अुनसार, स्वाती कनाडा में रहती हैं. वे कैलाश मानसरोवर की यात्रा के लिए भारत आई थीं. परिजनों ने बताया कि स्वाती अपनी बेटी को परिजनों के पास छोड़कर ईशा फाउंडेशन के ग्रुप के साथ मानसरोवर की यात्रा पर निकली थीं. यात्रा के शुरुआती दिनों में परिवार से उनकी कॉल पर लगातार बातचीत हो रही थी, लेकिन नेपाल में आई बाढ़ की खबरें सामने आने के बाद से परिजनों का स्वाती से संपर्क टूट गया है, जिससे परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है.

स्वाती कनाडा में रहती हैं. वे कैलाश मानसरोवर की यात्रा के लिए भारत आई थीं.
रक्षाबंधन के दिन घर में पसरा इंतजार का माहौल
रक्षाबंधन पर जब अधिकांश परिवारों में खुशियों का माहौल है, तब डॉक्टर केसी बागरेचा के यहां चिंता का माहौल है. परिवार के सदस्य अपनी बेटी के सही-सलामत होने की कामना कर रहे हैं. परिजन बार-बार स्वाती के फोन पर संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं. उनका कहना है कि फोन पर रिंग तो जा रही है, लेकिन कोई कॉल पिक नहीं कर रहा है. इससे परिवार लगातार तनाव में है.
भोपाल के एक परिवार के 29 लोग लापता
नेपाल में आई भीषण बाढ़ ने हजारों परिवारों को दर्द दिए हैं. इनमें एक कोलार इलाके की रहने वाली देवकी अधिकारी भी हैं. बाढ़ के बाद से उनके परिवार के 29 लोग लापता हैं. इनमें जेठ-जेठानी, देवर-देवरानी, दीदी-जीजा समेत परिवार के अन्य लोग शामिल हैं. 26 अगस्त बुधवार की सुबह करीब साढ़े 9 बजे उनकी परिजनों से बात हुई थी. इसके बाद से कोई संपर्क नहीं हो सका है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं