विज्ञापन
This Article is From Apr 21, 2019

फिर मुसीबत में घिरीं साध्वी प्रज्ञा ठाकुर, अब इस बयान को लेकर मिला चुनाव आयोग का नोटिस

लोकसभा चुनाव 2019 में भोपाल सीट से उम्मीदवार और अपने बयान को लेकर विवादों में घिरीं साध्वी प्रज्ञा की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं.

फिर मुसीबत में घिरीं साध्वी प्रज्ञा ठाकुर, अब इस बयान को लेकर मिला चुनाव आयोग का नोटिस
साध्वी प्रज्ञा ठाकुर सिंह (फाइल फोटो)
नई दिल्ली:

लोकसभा चुनाव 2019 में भोपाल सीट से उम्मीदवार और अपने बयान को लेकर विवादों में घिरीं साध्वी प्रज्ञा की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं. एक बार फिर प्रज्ञा ठाकुर के खिलाफ नोटिस जारी हुआ है, यह नोटिस उनके आपत्तिजनक बयान को लेकर जारी हुआ है. बाबरी मस्जिद को लेकर विवादित टिप्पणी पर चुनाव आयोग ने प्रज्ञा को नोटिस थमा दिया है. बता दें हाल ही में साध्वी ने 26/11 मुंबई हमले के जिक्र के दौरान एटीएस चीफ हेमंत करकरे पर भी विवादित टिप्पणी की थी, जिस पर विराधी दलों के रोष जताने के बाद प्रज्ञा ने माफी मांग अपने बयान को वापस लिया था. 

साध्वी प्रज्ञा ने ताजा बयान में कहा कि वह न सिर्फ बाबरी मस्जिद के ऊपर चढ़ी थीं, बल्कि उसे गिराने में भी मदद की थी. चुनाव आयोग ने भी तुरंत एक्शन लेते हुए साध्वी प्रज्ञा को चुनाव संहिता का उल्लंघन करने के लिए नोटिस थमा दिया. इतना ही नहीं, मध्य प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी वी एल कांता राव ने चेतावनी देते हुए सभी राजनीतिक दलों को एक सलाह भी जारी की. उन्होंने कहा, 'बार-बार चुनाव और आचार संहिता के उपयोग और आचार संहिता का उल्लंघन व अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने की वजह से कड़ी कार्रवाई हो सकती है.' 

दरअसल, साध्वी प्रज्ञा ने शनिवार को भोपाल में कैंपेन के दौरान एक टीवी चैनल पर बाबरी मस्जिद को लेकर यह टिप्पणी की और इसकी वजह से एक बार फिर बाबरी मस्जिद विध्वंस की घटना राजनीतिक गलियारों में ताजा हो गई. टीवी चैनल से साध्वी प्रज्ञा ने कहा था, 'राम मंदिर निश्चित रूप से बनाया जाएगा. यह एक भव्य मंदिर होगा.' यह पूछे जाने पर कि क्या वह राम मंदिर बनाने के लिए समयसीमा बता सकती हैं, तो प्रज्ञा ने कहा, 'हम मंदिर का निर्माण करेंगे. आखिरकार, हम ढांचा (बाबरी मस्जिद) को ध्वस्त करने के लिए भी तो गए थे.'

साध्वी प्रज्ञा ने बाबरी मस्जिद में अपनी अहम भूमिका पर भी प्रकाश डाला और कहा, 'मैंने ढांचे पर चढ़कर तोड़ा था. मुझे गर्व है कि ईश्वर ने मुझे अवसर दिया और शक्ति दी और मैंने यह काम कर दिया. अब वहीं राम मंदिर बनाएंगे.' 

साध्वी के इस बयान के चंद घंटों के अंदर ही चुनाव आयोग ने उन्हें नोटिस थमा दिया. नोटिस दिए जाने से पहले सभी राजनीतिक पार्टियों के लिए एक अडवाइजरी भी जारी की गई थी, जिसमें कहा गया, 'एक-दूसरे के प्रति जो ढेरों शिकायतें मिल रही हैं वे इस ओर साफ-साफ इशारा कर रही हैं कि नेता भड़काऊ और विवादित बयान दे रहे हैं, जिससे समाज में नफरत और असंगति फैल सकती है. 

इससे पहले भोपाल लोकसभा सीट से बीजेपी की उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने हाल ही में 26/11 मुंबई हमले के जिक्र के दौरान मुंबई के तत्कालीन एटीएस चीफ हेमंत करकरे पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया था कि उन्होंने करकरे से कहा था कि तुम्हारा सर्वनाश होगा. इसके बाद प्रज्ञा की टिप्पणी पर खूब विवाद हुआ. बाद में उन्हें अपने बयान वापस भी लेने पड़े. 

VIDEO : प्रज्ञा ठाकुर ने वापस लिया बयान


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pragya Thakur, Sadhvi Pragya Singh Thakur, Sadhvi Pragya On Hemant Karkare, Sadhvi Pragya Malegaon Blast, Sadhvi Pragya Singh, Sadhvi Pragya Statement, Sadhvi Pragya Thakur, EC Notice, EC Notice To Sadhvi Pragya Thakur
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com