विज्ञापन
This Article is From Mar 29, 2019

अमेठी के बाद अब रायबरेली में भी लगे प्रियंका गांधी के विरोध में पोस्टर

गुरुवार सुबह रायबरेली जिला कांग्रेस कार्यालय, तिलक भवन के पास स्थानीय सांसद सोनिया गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर निशाना साधते हुए पोस्टर लगाए गए.

अमेठी के बाद अब रायबरेली में भी लगे प्रियंका गांधी के विरोध में पोस्टर
अमेठी में प्रियंका गांधी के खिलाफ ये पोस्‍टर लगाए गए थे
रायबरेली:

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने अपने चुनावी दौरे के दूसरे दिन अपनी मां सोनिया गांधी के लोकसभा क्षेत्र रायबरेली में सारे दिन कार्यकर्ताओं से बैठक की और उन्हें बीजेपी को शिकस्त देने के गुर सिखाए. प्रियंका शुक्रवार को अयोध्या जांएगी, जहां वो हनुमान गढ़ी मंदिर में दर्शन भी करेंगी. प्रियंका गांधी के रायबरेली पहुंचते ही एक बार फिर से यहां पोस्टर वार शुरू हो गया. गुरुवार सुबह रायबरेली जिला कांग्रेस कार्यालय, तिलक भवन के पास स्थानीय सांसद सोनिया गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर निशाना साधते हुए पोस्टर लगाए गए हैं. इसमें लिखा है, "जब जब आई संकट की घड़ी, कबो न महतारी बिटिया दिखाई पड़ी. सेवा के लिए दिहने रहै वोट, लेकिन प्रियंका सोनिया किहिन दिल पर चोट. फिरोज की नातिन रेहान की माई, चुनाव मा मंदिर- मंदिर परी दिखाई."

इससे पहले बुधवार को कांग्रेस महासचिव के अपने भाई राहुल गांधी के निर्वाचन क्षेत्र के दौरे से पहले अमेठी में कुछ पोस्टर लगे नजर आये, जिनमें प्रियंका की लंबी अनुपस्थिति को लेकर सवाल किया गया है. पोस्टर अमेठी के मुसाफिरखाना बस स्टैण्ड के निकट सुबह देखे गये थे. उन पर प्रियंका गांधी का स्केच बना था लेकिन नाम नहीं लिखा था. पोस्टर में समाजवादी पार्टी के छात्र प्रकोष्ठ के एक नेता की तस्वीर भी है.

प्रियंका गांधी जब कार्यकर्ताओं से मिली तो पूछ बैठीं, 'चुनाव की तैयारी कैसी चल रही है? इस वाले की नहीं...'

एक पोस्टर में नारा लिखा था, ''क्या खूब ठगती हो, क्यूं पांच साल बाद ही अमेठी में दिखती हो. साठ सालों का हिसाब दो.'' एक अन्य पोस्टर में नारा था, ''देख चुनाव पहन ली साड़ी, नहीं चलेगी होशियारी.'' दिलचस्प बात ये है कि पोस्टर देखे जाने के कुछ घंटे बाद समाजवादी छात्र सभा की राज्य कार्यकारिणी के सदस्य जयसिंह प्रताप सिंह ने जिलाधिकारी राम मनोहर मिश्रा से मुलाकात कर उन्हें पत्र सौंपा कि शरारती तत्वों ने उनकी तस्वीर का दुरुपयोग किया है.

दरअसल पोस्टरों में जयसिंह की ही तस्वीर लगी है. अमेठी में सिंह ने कहा था कि यह उन्हें और प्रियंका गांधी को बदनाम करने की साजिश है. जब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव अमेठी सीट से कोई उम्मीदवार नहीं लड़ा रहे हैं तो हम क्यों विरोध करेंगे.

VIDEO: चुनाव लड़ने के सवाल पर क्‍या बोलीं प्रियंका गांधी वाड्रा

(इनपुट भाषा से...)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Posters Against Priyanka Gandhi, Rae Bareli, Priyanka Gandhi, LokSabhaPolls2019
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com