विज्ञापन

दुनिया का सबसे बड़ा फूल कौन सा है, क्यों आती है सड़े हुए मांस सी बदबू?

रेफ्लेसिया अर्नोल्डी का फूल लगभग 1 मीटर चौड़ा हो सकता है और इसका वजन 7 से 10 किलो तक पहुंच जाता है. आकार में बड़ा होने के बावजूद इसमें न पत्तियां होती हैं, न तना और न ही जड़. यह पूरी तरह एक परजीवी पौधा है जो दूसरी बेलों के अंदर पनपता है.

दुनिया का सबसे बड़ा फूल कौन सा है, क्यों आती है सड़े हुए मांस सी बदबू?
वनों की कटाई और प्राकृतिक आवास के नुकसान की वजह से रेफ्लेसिया अर्नोल्डी को खतरा माना जाता है.

World's largest flower : दुनिया में कई तरह के खूबसूरत और खुशबूदार फूल मिलते हैं, लेकिन एक ऐसा फूल भी है जो अपने विशाल आकार के साथ-साथ अपनी तेज बदबू के लिए मशहूर है. इसका नाम है रेफ्लेसिया अर्नोल्डी (Rafflesia arnoldii). इसे दुनिया का सबसे बड़ा फूल माना जाता है. यह फूल मुख्य रूप से इंडोनेशिया के सुमात्रा और बोर्नियो के वर्षा वनों में पाया जाता है. रेफ्लेसिया अर्नोल्डी का फूल लगभग 1 मीटर चौड़ा हो सकता है और इसका वजन 7 से 10 किलो तक पहुंच जाता है. आकार में बड़ा होने के बावजूद इसमें न पत्तियां होती हैं, न तना और न ही जड़. यह पूरी तरह एक परजीवी पौधा है जो दूसरी बेलों के अंदर पनपता है.

क्यों आती है इतनी खराब गंध

रेफ्लेसिया अर्नोल्डी को आम बोलचाल में ‘कॉर्प्स फ्लावर' या लाश का फूल भी कहा जाता है, क्योंकि इससे सड़े हुए मांस जैसी तेज बदबू आती है. वैज्ञानिकों के अनुसार यह बदबू किसी कमी की वजह से नहीं बल्कि एक खास रणनीति है.

दरअसल यह फूल मक्खियों और कीड़ों को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए सड़े मांस जैसी गंध छोड़ता है. जो कीड़े आम तौर पर सड़ी हुई चीजों पर बैठते हैं, वही इस फूल पर आकर परागण में मदद करते हैं. यानी बदबू इस पौधे के प्रजनन का अहम हिस्सा है. यह फूल डाइमेथाइल डाइसल्फाइड और डाइमेथाइल ट्राइसल्फाइड जैसे रसायन छोड़ता है, जो सड़े मांस जैसी गंध पैदा करते हैं. यही वजह है कि इसके पास खड़े होना भी कई लोगों के लिए मुश्किल हो जाता है.

बहुत कम समय के लिए खिलता है

रेफ्लेसिया अर्नोल्डी की एक और खास बात यह है कि यह सालों तक दिखाई नहीं देता और जब खिलता है तो सिर्फ कुछ दिनों के लिए. आम तौर पर इसका फूल 5 से 7 दिन तक ही पूरी तरह खिला रहता है, फिर मुरझा जाता है. इसी वजह से इसे देख पाना भी काफी दुर्लभ माना जाता है. कई बार वैज्ञानिकों और पर्यटकों को इसके खिलने का इंतजार लंबे समय तक करना पड़ता है.

संरक्षण की जरूरत

वनों की कटाई और प्राकृतिक आवास के नुकसान की वजह से रेफ्लेसिया अर्नोल्डी को खतरा माना जाता है. अगर इसके प्राकृतिक जंगल कम होते गए तो दुनिया का यह अनोखा फूल और दुर्लभ हो सकता है. ऐसे में अहम सवाल ये है कि इतने बदबूदार फूल के संरक्षण की जरूरत ही क्या है? लेकिन, रेफ्लेसिया अर्नोल्डी एक बेहद दुर्लभ प्रजाति है. अगर यह खत्म हो गया तो एक अनोखी जैव विविधता हमेशा के लिए खो जाएगी. यही नहीं, अगर यह कड़ी टूटती है तो स्थानीय इकोसिस्टम पर असर पड़ सकता है.

कुल मिलाकर रेफ्लेसिया अर्नोल्डी आकार में भले ही विशाल और गंध में बेहद खराब हो, लेकिन प्रकृति की यह अनोखी रचना वैज्ञानिकों और प्रकृति प्रेमियों दोनों के लिए आज भी गहरी दिलचस्पी का विषय बनी हुई है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com